मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के एक अस्पताल में मेडिकल स्टोर चला रहे बाबर अली व उसके भाई पर शनिवार दोपहर चार युवकों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड व पंच से हमला कर दिया था। आरोपियों ने मेडिकल स्टोर में जमकर तोड़फोड़ की थी। बाबर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बाबर अली ने रविवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि मेडिकल क्षेत्र के एक अस्पताल में वह मेडिकल स्टोर चलाते है। शनिवार दोपहर वह अपने छोटे भाई के साथ मेडिकल स्टोर पर मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान सुलेमान त्यागी, फरमान त्यागी, अजहर व समद गाली-गलौज करते हुए अस्पताल में घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने बाबर व उसके भाई पर हमला कर दिया था। हमले में बाबर घायल हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ कर और मौके से भाग गए। बाबर ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने बाबर को मेडिकल के लिए भेज दिया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।