संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। क्षेत्र में बीए छात्रा की हत्या के मामले के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे आजाद समाज पार्टी (आसपा) के नेता बाबर चौहान खरदौनी व सपा नेता चौधरी वसीम राजा को मंगलवार को पुलिस ने गांव के बाहर रोक दिया। इस दौरान आसपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई।
बाबर चौहान अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना देने जा रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। आसपा और भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर एहतियातन यह कदम उठाया गया। क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।