बिजनौर में डीएवी कॉलेज के पास नाले में मिले रोडवेज परिचालक के शव को बाहर निकलवाती पुलिस। संवाद
बिजनौर। दो दिन से लापता चल रहे रोडवेज के परिचालक का शव नाले में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिचालक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रथम दृष्टया नाले में गिरकर मौत होने की पुलिस आशंका जता रही है।
बृहस्पतिवार को डीएवी इंटर कॉलेज के पास नाले में एक शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। जिसकी शिनाख्त अश्वनी (32) पुत्र स्व. गोपीचंद निवासी मोहल्ला आंबेडकर नगर बकली के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल उदय प्रताप ने जांच पड़ताल की। आशंका जताई जा रही है कि वह लघुशंका करते हुए नाले में गिर गया होगा।
बताया गया कि अश्वनी 16 जुलाई को लापता हो गया था, जिसकी गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में वह 16 जुलाई को एक शराब के ठेके के पास देखा गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। अब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि मृतक अश्वनी रोडवेज में परिचालक था, जिसकी तैनाती नजीबाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर चल रही थी। अश्वनी मृतक आश्रित कोटे में पिता की मौत के बाद भर्ती हुआ था। सीओ सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया नाले में गिरकर मौत हुई है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
- रेलवे स्टेशन के पास मिला अज्ञात का शव
बिजनौर। रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की चहारदीवारी के अंदर एक शव पड़ा मिला। लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की उम्र करीब 58 वर्ष आंकी जा रही है। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। सीओ सिटी ने बताया कि आस पास के लोगों से मिली जानकारी पर पता लगा कि वह स्टेशन के आसपास ही घूमता रहता था।