शामली में छात्रा की हत्या को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने रोष जताया। परिजनों ने शव को करीब एक घंटे तक श्मशाम घाट में रखकर इंसाफ की मांग की। इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम विनोद कुमार सिंह और सीओ राजेश तिवारी ने ग्रामीणों को समझाया। एसडीएम ने कहा पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हर मदद मिलेगी। साथ ही कहा आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद ही परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। छात्रा के भाई ने मुखाग्नि दी।
गौरतलब है कि बुधवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज से सहपाठियों के संग घर लौट रही कक्षा 12 वीं की छात्रा की युवक ने बलकटी से वार कर हत्या कर दी थी। वारदात का विरोध करने पर युवक ने छात्राओं को भी हत्या की धमकी देते हुए दौड़ा लिया था। सहमी छात्राओं ने भागकर अपनी जान बचाई। हत्या की वजह छेड़छाड़ और युवक का एकतरफा प्रेम बताया जा रहा है। इस घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
पढ़ें : स्कूल से लौट रही छात्रा को बलकटी से काट डाला, गांव में दहशत
पूरे शरीर पर बलकटी से प्रहार किए
छात्रा को बलकटी से काट डाला
- फोटो : अमर उजाला
गांव गढ़ी श्याम निवासी बीर सैन कश्यप की बेटी सोनी (17) गांव गंगेरू स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं में पढ़ती थी। बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे वह छह सहपाठी छात्राओं के साथ पैदल गांव लौट रही थी। उसकी छोटी बहन काजल भी साथ थी। इस घटना के संबंध में काजल ने बताया कि गांव के पास पहुंचते ही गन्ने के खेत से एक युवक निकला, उसके हाथ में बलकटी थी। उसने सोनी को रोका। इसके बाद उसने बहन के चेहरे सहित पूरे शरीर पर बलकटी से प्रहार कर दिए। अन्य छात्राओं ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने छात्राओं को जान से मारने की धमकी दी तथा बलकटी लेकर पीछे भी दौड़ पड़ा, जिस कारण अन्य छात्राएं अपनी जान बचाकर वहां से भागीं। छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद हत्यारोपी फरार हो गया। वारदात के बाद मौके पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना। हत्या के कारण छात्रा के परिवार में मातम पसर गया। छात्रा के चाचा ओमपाल और सेठपाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि आरोपी युवक ने दो माह पूर्व भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ के विरोध पर झगड़ा किया था। घटना की पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन गांव वालों ने दबाव बनाकर समझौता करा दिया था। अब आरोपी युवक ने छात्रा की हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा़, कांधला थानाध्यक्ष, सीओ कैराना राजेश तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी ने कहा कि आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/