उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात हो गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई। कक्षा 12 वीं की छात्रा की सिरफिरे युवक ने बलकटी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के समय छात्रा अपनी सहेलियों संग गंगेरू स्थित इंटर कॉलेज से घर लौट रही थी। अन्य छात्राओं को भी हत्यारोपी ने जान से मारने की धमकी दी और पीछे दौड़ा। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की वजह छेड़छाड़ और युवक का एकतरफा प्रेम बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है।
थाना कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ी श्याम निवासी बीर सैन कश्यप की बेटी सोनी (17 वर्षीय) गांव गंगेरू स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज में कक्षा 12 वीं में पढ़ती थी। बुधवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे वह छह सहपाठी छात्राओं के साथ पैदल ही गांव गढ़ी श्याम लौट रही थी। इस दौरान उसकी छोटी बहन काजल भी साथ थी। काजल ने बताया कि गांव के पास पहुंचते ही गन्ने के खेत से गांव का ही एक युवक निकला, उसके हाथ में बलकटी थी। उसने सोनी को रोका और चेहरे और टांग पर प्रहार कर दिए। अन्य छात्राओं ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने छात्राओं को जान से मारने की धमकी दी तथा बलकटी लेकर पीछे भी दौड़ पड़ा, जिस कारण अन्य छात्राएं अपनी जान बचाकर वहां से भागीं। इसके बाद हत्यारोपी फरार हो गया।
पढ़ें : फौजी ने अवैध संबंध के शक में पत्नी को मार डाला, मम्मी-मम्मी चिल्लाए बच्चे