रेल मंत्री के आदेश पर खुल गया दौराला रेलवे फाटक, एसडीएम ने हटवाए पिलर, व्यापारियों में खुशी
दौराला। दौराला-सरधना मार्ग पर बंद किया गया रेलवे फाटक बृहस्पतिवार को रेल मंत्री के आदेश पर दोबारा खोल दिया गया। एसडीएम सरधना ने जेसीबी से पिलर हटवाकर फाटक खुलवाया। इससे व्यापारियों में खुशी है।
व्यापार संघ अध्यक्ष हरपाल सिंह चौहान ने बताया कि 2012 में दौराला-सरधना मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। तभी से रेलवे फाटक नंबर 35 को बंद करने की बात चल रही थी। बीते शनिवार को रेलवे के अधिकारियों ने फाटक बंद करा दिया था। इस पर व्यापारियों और नगर पंचायत ने केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान को ज्ञापन सौंपा। उन्हें फाटक बंद होने से आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। बुधवार को केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में रेल मंत्री को फाटक बंद होने से किसानों, व्यापारियों व स्थानीय लोगों की समस्या के बारे में जानकारी दी।
रेल मंत्री ने एक-दो दिन में फाटक खुलवाने का आश्वासन दिया था। बृहस्पतिवार को फाटक खुलने पर व्यापारियों ने लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। व्यापारियों ने केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान व सरधना विधायक संगीत सोम का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मुनेंद्र भराला, सचिन उपाध्याय, पुरुषोत्तम उपाध्याय, राधेश्याम अग्रवाल, कल्लू चेयरमैन, अनुभव गुप्ता, संजय नामदेव, रवि पूनिया, मनोज शर्मा, शिवम गर्ग, प्रदुमन जैन, अनुज शर्मा, अजय गुप्ता, चौधरी बाबूराम, रवि चौधरी, रवि बटजेवरा, अंकुर गुप्ता, नवाब सिंह अहलावत आदि मौजूद रहे।