मुंबई में मिले प्रेमी युगल के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। लड़की की मां ने मेरठ में एडीजी से मिलकर आशंका जताई कि उसकी बेटी का जबरन धर्मांतरण कराया जा सकता है।
सदर बाजार इलाके की 28 वर्षीय युवती 10 नवंबर को दूसरे समुदाय के 22 वर्ष के युवक के साथ कहीं चली गई थी। युवती की मां ने युवक को पहले से शादीशुदा बताते हुए अपहरण एवं धर्मांतरण कराने का आंदेशा जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को पुलिस प्रेमी युगल को मुंबई से ले आई। पुलिस ने युवती के थाने में बयान कराए और फिर न्यायालय में भी 164 के बयान दर्ज कराए। इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई।
मंगलवार को एडीजी आफिस पहुंची युवती की मां ने कहा कि उनकी बेटी को इतना डरा दिया गया है कि वह अपने ही परिवार से जान का खतरा जता रही है। महिला ने कहा कि आरोपी दूसरे समुदाय का होने के साथ ही शादीशुदा है।
यह भी पढ़ें : बड़ी कार्रवाई: छापा लगते ही कबाड़ियों में मची भगदड़, फॉर्च्यूनर समेत 16 लग्जरी गाड़ियों के इंजन
चौकी इंचार्ज की भूमिका पर उठाए सवाल
हिंदू जागरण मंच ने चौकी इंचार्ज की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही ने कहा कि चौकी इंचार्ज ने शुरू से ही अधिकारियों से तथ्य छिपाए और आरोपी को बचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जब युवक पहले से शादीशुदा है तो वह दूसरे समुदाय की युवती को लेकर कैसे चला गया। क्या उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं बनती। मुंबई से आने के बाद पुलिस ने युवती को आशा ज्योति केंद्र में नहीं रखा जबकि नियमानुसार वह वहीं रहनी चाहिए थी।