पुत्रवधू और उसके प्रेमी पर हत्या करने का आरोप, तीन दिन पहले रेलवे ट्रैक पर मिला था युवक का शव
खरखौदा। तीन दिन पहले मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर खरखौदा निवासी 28 वर्षीय युवक का शव मिला था। पुलिस ने आत्महत्या का मामला बताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों के अनुसार, मृतक के हाथ बंधे मिले थे। परिजनों ने रविवार को मृतक की पत्नी के किसी से नाजायज संबंध बताते हुए उसके व उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
शुक्रवार तड़के मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर कस्बा खरखौदा में मोहिउद्दीनपुर फाटक के पास ट्रैक पर कस्बा खरखौदा निवासी जोगेंद्र उर्फ सुदामा का क्षत-विक्षत शव मिला था। पुलिस ने शव को आत्महत्या का मामला बताते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने भी शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रविवार को थाने पहुंचे मृतक के पिता मीर सिंह ने बताया कि मौत होने से एक दिन पहले जोगेंद्र जब अपने घर पहुंचा तो उसकी पत्नी मोहल्ले के ही एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में मिली थी। जोगेंद्र ने विरोध किया तो पत्नी ने उसे तलाक देने को कहा तथा प्रेमी के साथ ही रहने की जिद की। जोगेंद्र ने तलाक देने से इनकार कर दिया था। आरोप है कि जोगेंद्र की पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर ही उसकी हत्या की तथा शव रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। परिजनों का कहना है कि मृतक जोगेंद्र के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए मिले थे। मृतक के पिता ने इस मामले में अपनी पुत्रवधू व उसके प्रेमी के खिलाफ थाने पर हत्या की तहरीर दी है।
मृतक के हाथ नहीं बंधे थे
मृतक के हाथ बंधे हुए नहीं थे। पहले मृतक पक्ष पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर रहा था, लेकिन पुलिस ने जबरन पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हत्या का कोई प्रमाण नहीं मिला है। -बृजेश कुमार सिंह, सीओ, किठौर