फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल मामले के बाद नया बखेड़ा, महिला वकील ने 4 को मारी टक्कर, थाने में इंस्पेक्टर को धमकाया

Thu, 25 Oct 2018 11:07 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

होटल ब्लैक पेपर में दरोगा से मारपीट के मामले से चर्चाओं में आई महिला वकील ने बुधवार को नया बखेड़ा कर दिया। एक कार और दो बाइक में टक्कर मारने के बाद लालकुर्ती थाने व जिला अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया। महिला वकील ने पुलिस को भाजपा नेताओं का दलाल बताया और सिपाही से इंस्पेक्टर तक अभद्रता की।

विज्ञापन


पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया तो प्रथम दृष्टया शराब की पुष्टि हो गयी। कितनी शराब पी, इसकी जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया गया जिसको फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा। इसके बाद महिला वकील पर दो मामले दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एएसपी कैंट सतपाल सिंह ने बताया कि महिला वकील ने इंस्पेक्टर से अभद्रता की है। पुलिस से हाथापाई भी की जिसका मुकदमा इंस्पेक्टर लालकुर्ती ने दर्ज कराया जबकि दूसरा मुकदमा हादसे में घायल बृजेश चौधरी ने कार क्षतिग्रस्त का कराया है।
विज्ञापन


आरोप लगाया था कि महिला वकील शराब के नशे में कार ड्राइव कर रही थी। जिला अस्पताल इमरजेंसी प्रभारी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया है कि अल्कोहल की दुर्गंध की पुष्टि हुई है। 

जमकर किया हंगामा

बताया जाता है कि महिला वकील ने सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर को खूब छकाया। महिला ने पुलिस से अभद्रता भी की। बोली कि मैने भाजपा पार्षद को जेल भिजवाया है। तब से भाजपा नेताओं के दबाव में पुलिस उसको फंसाने में लगी हुई है। थाने में महिला वकील को रोकने के लिए पुलिस के पसीने छूट गए। 

चार लोगों को लगी चोट

मामला बुधवार शाम का है। आरोप है कि महिला वकील ने बुधवार को कचहरी से लौटते समय अपनी सेंट्रो कार से माल रोड पर सीडीए ऑफिस के पास पहले एक स्विफ्ट कार में टक्कर मारी। इसके बाद दो बाइक से भिड़ंत हुई। स्विफ्ट में बृजेश चौधरी थे और दो बाइक पर कमिश्नरी कंपाउंड निवासी सुरेंद्र, सिखेड़ा निवासी राजेश, नगर निगम कंपाउंड निवासी अमित थे। चारों को हल्की चोटें आयी हैं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और कार में सवार महिला वकील को पकड़ लिया गया। लालकुर्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों व महिला वकील को थाने ले आई। महिला वकील ने घटनास्थल के बाद थाने में भी हंगामा किया। आरोप लगाया गया है कि पुलिस भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई कर रही है। दावा किया गया है कि उसकी कार में भाजपा पार्षद के साथियों ने पीछे से टक्कर मारी है, जिसके बाद कार का संतुलन बिगड़ गया।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर को धमकाती रही महिला 

जानकारी के मुताबिक महिला वकील को थाने लाने के बाद पुलिस वाले कार्यालय में उसे कुर्सी पर बैठाने लगे। महिला ने पुलिस वालों को धमकाते हुए कहा तुम जानते नहीं कि मैं कौन हूं? जैसे-तैसे करके महिला सिपाहियों ने उसे पकड़ा और कुर्सी पर बैठाया। इंस्पेक्टर आये तो पुलिस वाले महिला को इंस्पेक्टर के ऑफिस में ले गए।

इंस्पेक्टर के सामने बैठते ही महिला ने सवाल किया, इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा जानते हो, मैं कौन हूं? आप महिला अधिवक्ता से बात कर रहे हो। मेरी गाड़ी में टक्कर मारी और मुझको ही पकड़कर थाने ले आए। भाजपा नेता के दलालो, तुम सबको देख लूंगी। इस पर इंस्पेक्टर ने जवाब दिया, मैं महिला अधिवक्ता से नहीं, एक शराब पी हुई महिला से बात कर रहा हूं। 

महिला वकील पर दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट में शराब की पुष्टि हुई हैं, ब्लड सैंपल भी लिया गया। इसकी जांच इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। -रणविजय सिंह, एसपी सिटी 


शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें