मेरठ में डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 30 नए मरीज मिले। मरीजों की कुल संख्या 694 पहुंच गई है। यह पिछले पांच साल में अब तक की डेंगू के मरीजों सबसे बड़ी संख्या है। इनमें 204 सक्रिय मरीज हैं। 118 अस्पतालों में भर्ती हैं और 86 घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं, जबकि 490 ठीक हो चुके हैं।
नए मरीज दौराला, हस्तिनापुर, जानी, मवाना, रोहटा, रजपुरा, कैंट, जयभीमनगर, कंकरखेड़ा, साबुन गोदाम, राजेंद्रनगर, तहसील, जाहिदपुर और तारापुरी के रहने वाले हैं। इनके अलावा मलेरिया विभाग की टीम के घर-घर किए जा रहे सर्वे अभियान में 10 लोगों को नोटिस दिए गए हैं। छह परीक्षितगढ़ के बली गांव में, चार नोटिस सदर, आबूलेन, कसेरू बक्सर और संजयनगर में दिए गए हैं। अब तक 578 लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं। इन स्थानों पर मलेरिया विभाग कंटेनर सर्वे, एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिग करा रहा हैं।
3395 सैंपलों की जांच, कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला
जिले में शनिवार को 3395 लोगों के सैंपलों की जांच की गई, जिनमें कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला है। आठ सक्रिय केस हो गए हैं, जिनमें से पांच अस्पताल में भर्ती हैं और तीन होम आइसोलेशन में हैं। जिले में अब तक कोरोना के 66021 लोग मिल चुके हैं।
कोरोना टीकाकरण : दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या सात लाख के पार
कोरोना टीकाकरण में दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या जिले में सात लाख के पार पहुंच गई है। अब तक 7 लाख 57 हजार 733 लोग दोनों डोज लगवा चुके हैं, यानी उनका टीकाकरण पूरा हो चुका है। पहली डोज लगवाने वालों की संख्या 16 लाख 92 हजार 249 है।
जिले में शनिवार को 98 बूथों पर टीकाकरण हुआ। 7885 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। सोमवार को 96 बूथों पर 25 हजार 650 लोगों के टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण में बेहतर कार्य करने वाली एएनएम पूजा यादव और उनके परिवार को सीएमओ कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वह किला परीक्षितगढ़ के सुदूर क्षेत्र गंगा खादर में कार्यरत हैं।