मुंडाली। गढ़ रोड स्थित मऊखास निवासी दुलीचंद पुत्र हुक्म सिंह, सुशील तोमर पुत्र सरजीत सिंह, सचिन पुत्र अनिल व चंद्र प्रकाश पुत्र रणजीत सिंह के अनुसार गांव के बाहरी छोर पर उनके प्लॉट व मकान हैं। दुलीचंद व सुशील के मकान का निर्माण हो चुका है। बाकी के प्लॉटों में निर्माण प्रक्रिया चल रही है। इन सभी के मकानों की छतों के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है। इसके बारे में कई बार ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
दुलीचंद के परिजनों ने बताया कि छत पर कपड़े सुखाने व रोटी बनाने तक का भी कार्य करना पड़ता है। बच्चे भी छतों पर खेलते हैं। हर समय बिजली के तारों के कारण खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में तो समस्या और भी बढ़ जाती है। पता नहीं चलता कि कौन कब करंट की चपेट में आ जाए। वहीं सुशील तोमर ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गांव निवासी समाजसेवी नरेंद्र तोमर का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि एक बार बिजली कर्मचारी मौके का मुआयना करने आए थे लेकिन स्टीमेट के नाम पर मोटी रकम मांग रहे थे।
एसडीओ किठौर रामकिशोर पाल का कहना है कि मामले में अभी तक किसी ने कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। वहीं स्टीमेंट भी बनाकर दे दिया है। स्टीमेट पास होने के बाद विभाग की गाइड लाइन के अनुसार प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।