नकली दूध तैयार करने वाले डेयरी संचालक को जेल भेजा
सरधना। सरधना में शनिवार को एसडीएम और ड्रग्स इंस्पेक्टर ने नकली दूध तैयार करने के आरोप में दो डेयरी संचालकों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को जेल भेज दिया। वहीं, कैमिकल के नमूने जांच को भेजे गए हैं। सरधना नगर में शनिवार को शिकायत पर एसडीएम अमित कुमार भारतीय, ड्रग्स इंस्पेक्टर पवन कुमार शाक्य व खाद्य निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में थाना पुलिस के साथ डेयरियों पर छापा मारा था। जिसमें नंगला रोड स्थित डेयरी से कैमिकल से भरे तीन ड्रम मिले थे। पुलिस ने मौके से एक डयेरी संचालक को पकड़ा था। वहीं, दौराला रोड पर एक डेयरी संचालक को नकली दूध तैयार करते हुए मौके पर गिरफ्तार किया था। पुलिस ने कैमिकल के नमूने जांच के लिए भेज दिए थे। थाना प्रभारी उपेंद्र मलिक के मुताबिक कैमिकल का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। वहीं, नकली दूध तैयार करते पकड़े गए अमजद पुत्र नजमुद्दीन को जेल भेज दिया गया है।
संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण
छापे के दौरान डेयरियों में पशुओं को भूसे की तरह हॉल में भरा हुआ था। जिस पर अधिकारियों ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की बात कही थी। वहीं, जानकारी के मुताबिक पशुपालन विभाग, नगर पालिका और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। जो डेयरियों पर पशुओं से जुड़े मामलों का निरीक्षण करेगी। कम स्थान पर ज्यादा पशुओं के बंधे होने पर कार्रवाई की जाएगी।