संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को फिर से खोल दिया है। जिन आवेदकों ने पहले की तारीखों में फॉर्म नहीं भरा या फीस जमा नहीं की, उनके लिए यह अंतिम अवसर है।
एनटीए की अधिसूचना के अनुसार सीयूईटी-यूजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में 11 मई से 31 मई तक (अनुमानित) भारत और कुछ विदेशी शहरों में आयोजित की जाएगी। पहले आवेदन प्रक्रिया तीन जनवरी से 30 जनवरी तक चली थी। इसमें फीस जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी थी। बाद में इसे बढ़ाकर चार फरवरी तक आवेदन और सात फरवरी तक फीस जमा करने की सुविधा दी गई थी।
अब आवेदकों की लगातार मांग के बाद एनटीए ने पोर्टल को दोबारा खोलने का ऐलान किया है। नया आवेदन और फीस जमा करने का समय 23 फरवरी से 26 फरवरी (रात 11:50 बजे तक) तक रहेगा। यह विशेष छूट है, जिसके बाद कोई और एक्सटेंशन नहीं दिया जाएगा। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष अवधि में फॉर्म भरने के बाद कोई सुधार (करेक्शन) की सुविधा नहीं मिलेगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे फॉर्म में डाली गई सभी जानकारी नाम, जन्मतिथि, विषय संयोजन, श्रेणी आदि को दोबारा जांच लें और सटीक भरें। गलती होने पर बाद में सुधार संभव नहीं होगा, जिससे परीक्षा में शामिल होने में समस्या हो सकती है। उम्मीदवारों को नियमित रूप से एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट्स https://nta.ac.in और https://cuet.nta.nic.in पर नजर रखने की सलाह दी गई है।