नौचंदी मेले में बच्चों को घुमाने वाली प्लास्टिक की जीप बनी आकर्षण का केंद्र
शनिवार और रविवार को पहुंच रहे सबसे अधिक लोग
16 खाली दुकानों को भी भरने की चल रही है तैयारी
फोटो समाचार
माई सिटी रिपोर्टर उ
मेरठ। नौचंदी मेला में भारी भीड़ उमड़ रही है। मेला देर रात दो बजे तक चल रहा है। झूलों पर अधिक भीड़ देखी जा रही है। मां चंडी मंदिर में भी काफी लोग दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। नौचंदी मेले में बच्चे प्लास्टिक की खुली जीप में बैठकर घूमकर आनंद उठा रहे हैं। यह जीत आकर्षण का केंद्र बनी है। शनिवार और रविवार को सबसे अधिक भीड़ होती है लेकिन पटेल मंडप की कुर्सियां अभी तक नहीं भर रही। उन्हें दर्शकों का इंतजार है।
मेले में खाने-पीने की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। खिलौनों और घरेलू सामान की दुकानों पर भी खरीदारी करने वालों की कतारें हैं। मेले में लगे ब्रेक डांस झूले, मौत का कुआं और अन्य रोमांचक झूले लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। खाने-पीने के स्टॉल पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हैं। नौचंदी मेले का मुख्य आकर्षक केंद्र पटेल मंडप को माना जाता है, लेकिन इस बार पटेल मंडप की कुर्सियां नही भर पा रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सम्मान जनक दर्शक व श्रोता नहीं पहुंच पाए। इसके लिए लोगों का मानना है कि इस बार पटेल मंडप में होने वाले कार्यक्रमों का मूल्यांकन ठीक से नहीं किया है।
मेले में खाली पड़ी हैं 16 दुकानें, अब होंगी आवंटित
नौचंदी मेला खत्म होने में 9-10 दिन बाकी हैं, अभी तक मेले में 16 दुकानें खाली पड़ी हैं। दुकानदारों ने मेला शुरू होने से पहले दुकानें तो आवंटित करा ली थी, लेकिन दुकान लगाने नहीं पहुंचे। जिला प्रशासन ने इन दुकानों का आवंटन खत्म करते हुए नए दुकानदारों को दुकान आवंटन की रणनीति बनायी है। इस संबंध में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी वीएस कुशवाहा का कहना है कि दुकानों के लिए कुछ आवेदन आए हैं। एक- दो दिन में ही दुकान आवंटित कर दी जाएंगी।