मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को एसआई भर्ती में आवेदन के लिए प्रोविजनल सर्टिफिकेट लेने को छात्रों की काफी भीड़ देखने को मिली। अपना नंबर आने के लिए छात्र-छात्राएं कतार में लगे रहे। भीड़ को देखते हुए विवि प्रशासन स्थिति संभालने के लिए मौके पर पहुंचा। केंद्र के प्रत्येक काउंटर पर पुलिसकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड तैनात कर दिए गए। देर शाम तक केंद्र पर मौजूद छात्रों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए।
बता दें कि विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र देने के लिए छात्र सहायता केंद्र पर छह नए काउंटर बनाए गए हैं। इनमें से एक काउंटर छात्राओं के लिए आरक्षित रहेगा जबकि पांच छात्रों के लिए चलेंगे। विवि वेबसाइट से ऑनलाइन पीसी लेने की प्रक्रिया मंगलवार को शुरू नहीं हो पाई। हालांकि संबंधित कंपनी वर्ष 2010 से 2025 तक का डाटा अपलोड करने में जुटी रही। मंगलवार को छात्र सहायता केंद्र से करीब 22 सौ प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसमें सात सौ मार्कशीट अपडेट, सौ माइग्रेशन और 14 सौ पीसी शामिल हैं। विवि के अनुसार शाम 7.30 बजे तक केंद्र पर जो भी छात्र पहुंचा, उसे प्रमाण पत्र जारी किया गया।
कुलपति ने की व्यवस्था की समीक्षा
कुलपति प्रो.संगीता शुक्ला एवं प्रोवीसी प्रो.मृदुल गुप्ता केंद्र पर पहुंचे और व्यवस्था की समीक्षा की। रजिस्ट्रार डॉ.अनिल कुमार यादव, परीक्षा नियंत्रक विरेंद्र कुमार मौर्य, एआर गोपनीय मनोज कुमार भी केंद्र पर मौजूद रहे और निगरानी करते रहे। केंद्र प्रभारी संजय तोमर के अनुसार विवि की सभी तैयारी पूरी हैं और किसी भी छात्र को खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा।