मुजफ्फरनगर शहर से सटे गांव कछौली में कार सवार युवकों ने युवती को अगवा कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घंटों की तलाश के बावजूद न तो कार का सुराग लग पाया और न युवती का।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कछौली में मंगलवार शाम एक कार में दो युवक एक युवती को जबरन बैठाकर ले जाते देखे गए। ग्रामीणों के अनुसार युवती कार सवार युवकों के चंगुल से छूटने की जद्दोजहद कर रही थी। यह देख ग्रामीण कार की घेराबंदी में लग गए।
इसी दौरान एक बार युवती चलती कार से नीचे भी कूद गई, लेकिन जब तक ग्रामीण उस तक पहुंचते, आरोपी युवती को फिर से कार में जबरन खींच ले गए। इसके बाद कार शहर की ओर तेजी से फरार हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी, जिस पर एसएसआई मनोज कुमार तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शहर क्षेत्र में कार की तलाश में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन घंटों की तलाश के बावजूद न तो कार का सुराग लग पाया और न ही उक्त युवती का।
मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई जा रहीं हैं, जल्द ही युवती के साथ ही कार सवार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/