मेरठ में जंगेठी गांव के पूर्व प्रधान प्रवेश गुर्जर की हत्या के मामले में आरोपी प्रधानपति अर्जुन सिंह से पुलिस ने रिमांड पर लेकर पांच घंटे पूछताछ की। पुलिस ने आलाकत्ल भी बरामद किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि भरी पंचायत में प्रवेश ने उसको थप्पड़ मारा था, इसके बदले हत्या की है। अर्जुन ने कुल्हाड़ी से वार किये थे और उसके भाई प्रवीण व अन्य चार लोगों ने प्रवेश को दबोचा था।
कंकरखेड़ा के जंगेठी गांव में 15 मई को पूर्व प्रधान प्रवेश गुर्जर की जंगल में हत्या हुई थी। जिसमें प्रधानपति अर्जुन सिंह, उसके भाई प्रवीण, सुरेश पाल, प्रमोद और दो अज्ञात लोगों पर केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने प्रधान अनीता को हत्या की साजिश करने के मामले में जेल भेजा था। जबकि 26 मई को प्रधानपति अर्जुन ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। वहीं अर्जुन के भाई प्रवीण को पुलिस ने जेल भेजा था।
मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह को कंकरखेड़ा पुलिस ने शुक्रवार को पांच घंटे की रिमांड पर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रवेश गुर्जर की हत्या जमीन और चुनावी रंजिश में हुई थी। हत्यारोपी की निशानदेही पर जंगेठी गांव के सेंट जोंस इंटर कॉलेज के पीछे झाड़ी से आलाकत्ल (कुल्हाड़ी) बरामद किया। आरोपी ने बताया कि प्रवेश ने अपने घर के सामने रास्ते का निर्माण न होने को लेकर पंचायत की, जिसमें अर्जुन को सरेआम थप्पड़ मारा था।
एक नहीं, कई मामले में था हस्तक्षेप
एएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पूर्व प्रधान की हत्या में एक नहीं, कई मामले निकलकर आ रहे है। गांव में ढाई करोड़ रुपये कीमत की जमीन, छोटी सी बातों पर प्रवेश का हस्तक्षेप करना। यह सब प्रधानपति अर्जुन को गवारा नहीं था।
अर्जुन ने किए वार
एएसपी सुकीर्ति माधव के अनुसार हत्यारोपी अर्जुन ने बताया कि घटना वाले दिन उनको प्रवेश गुर्जर के बारे में सारी जानकारी थी। वह अपने साथियों के साथ जंगल से लौट रहा था, तभी उनकी गाड़ी के सामने बाइक पर प्रवेश गुर्जर दिखा। इंडिका से बाइक में टक्कर मारकर उसको गिराया। प्रवीण, सुरेश पाल व प्रमोद ने उसे दबोच लिया। तभी अर्जुन ने प्रवेश को कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला।