नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन ने दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य से पहले स्टेशनों का स्केच तैयार किया जा रहा है। जिससे आसानी से कार्य किया जा सके। एनसीआरटीसी ने सराय काले खां स्टेशन का स्केच तैयार कर वीडियो जारी कर दिया है। वीडियो में तय स्थानों को दिखाया गया है। रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम के अहम स्टेशनों में से एक सराय काले खां से ही रैपिड रेल के दिल्ली-पानीपत और दिल्ली-अलवर रूट पर जाने के लिए यात्री यहां से ट्रेन बदल सकेंगे।
82 किलोमीटर के दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के शिलान्यास की उल्टी गिनती शुरू हो गई। एनसीआरटीसी ने अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा दिया है। मार्च के पहले सप्ताह में पहले चरण के निर्माण कार्य का शिलान्यास संभव है। पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक 16.5 किलोमीटर का निर्माण कार्य शुरू होना है। इससे पहले सभी स्टेशनों का स्केच जारी किया जाएगा। जिससे लोगों को भी स्टेशनों के डिजाइन की जानकारी दी जा सके।
मल्टीमॉडल इंटीग्रेश प्लान के साथ स्टेशन
वीडियो में सराय काले खां को मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन प्लान के साथ दिखाया गया है। एक ही स्थान पर रैपिड, मेट्रो, बस, रेल में जाने का मौका होगा। इस तरह से सराय काले खां स्टेशन को डिजाइन किया जाएगा। वीडियो में इन स्थानों पर जाने वाले रास्तों को दिखाया गया है। जिससे लोगों को बनाए जाने वाले रैपिड के सरायकाले खां स्टेशन के बारे में जानकारी दी जा सके।
तीन मिनट का वीडियो अपलोड
एनसीआरटीसी ने अपनी वेबसाइट और यू्ट्यूब के ‘पीआर एनसीआरटीसी’ एकाउंट पर स्टेशन का तीन मिनट का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में रैपिड के अंदर का नजारा दिखाया गया है। चारों तरफ से शीशों से कवर किए गए रैपिड रेल स्टेशन को शानदार तरीके से डिजाइन किया गया है। यात्रियों के बैठने के स्थान को भी दिखाया गया है। वीडियो में मेट्रो स्टेशन जाने का रास्ता, आईएसबीटी सराय काले खां, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, स्टेशन टॉप-व्यू, बिजनेस लांज, सोलर पैनल रूफ को दिखाया गया है।