मेरठ में भाजपा महिला नेता से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, फाइल फोटो
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के मेरठ में भाजपा महिला नेता से दुष्कर्म के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पीड़िता को साथ लेकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गहनता से छानबीन की। इस दौरान महिला ने पुलिस को आपबीती बताई और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की।
भाजपा महिला नेता ने स्पोर्ट्स के कारोबारी अजय मितल के बेटे अरुण मितल व उसके परिवार पर दुष्कर्म का मुकदमा कराया था। आरोपी की सूरजकुंड पर स्पोर्ट्स की फैक्टरी है। आरोप था कि इस फैक्टरी में भाजपा महिला नेता को आरोपी ने बुलाया था। जहां पर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात की गई। वहीं गुरुवार को आरोपी पक्ष अधिवक्ता राम कुमार शर्मा के साथ एडीजी ऑफिस में पहुंचे थे। जहां उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताया था।
वहीं शुक्रवार को विवेचक पीड़ित महिला नेता को साथ लेकर आरोपी की फैक्टरी (घटनास्थल) पर पहुंच गए और मामले की जांच पड़ताल की। जहां पर फैक्टरी के कर्मचारी मौजूद थे। आधा घंटा जांच पड़ताल के बाद पुलिस वापस लौट आई।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पर उसकी हत्या भी करा सकते हैं। वह बार-बार समझौता न करने पर धमकी दे रहे थे। इस मामले में सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने कहा है कि निष्पक्ष जांच होगी।