सूचना पर एसपी देहात आलोक शर्मा ने मौके पर पहुंचकर बदमाश से पूछताछ की, तो उसकी पहचान शुभम निवासी गांव सुईठा कलां, थाना शरपताह, जिला जौनपुर के रूप में हुई, जबकि फरार बदमाश की पहचान शाहनवाज पुत्र मेहरबान निवासी, गांव दधेड़ू के रूप में की गई। एसपी देहात ने बताया कि शुभम कुख्यात मुन्ना बजरंगी गैंग का शॉर्प शूटर है, जिसके पास से यूएस मेड पिस्टल, बाइक व कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए शुभम व फरार शाहनवाज पर शहर कोतवाली पुलिस द्वारा शुक्रवार को ही 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उक्त दोनों अपराधी भी गांव दधेड़ू के प्रधान आसिफ की हत्या करने की साजिश में शामिल थे।
उधर, भागे गए बदमाश की तलाश में ककरौली के साथ ही आसपास थाना क्षेत्रों में भी चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। इसी दौरान दिल्ली-दून हाईवे स्थित भंगेला पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान खतौली इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने संदिग्ध हालात में पैदल जा रहे युवक को रोका, जिसकी पहचान ककरौली मुठभेड़ से भागे शाहनवाज निवासी दधेड़ू के रूप में हुई। उसके पास से भी पिस्टल व मैगजीन बरामद की गई। सूचना पर पहुंचे सीओ खतौली राजीव कुमार ने बदमाश से पूछताछ की। उक्त शाहनवाज जेल में बंद कुख्यात शाहनजर निवासी दधेड़ू का भाई है।
ग्राम प्रधान की हत्या करने आए थे बदमाश
शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार तड़के काली नदी पुल से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से वैगन-आर, पिस्टल व दो तमंचे बरामद किए गए थे। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के अनुसार उक्त बदमाश गांव दधेड़ू के प्रधान आसिफ की हत्या करने जा रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। शुक्रवार को गिरफ्तार बदमाशों में मुकेश, निवासी गांव अड़सठ, थाना हैदरगंज अयोध्या, रोहित दुबे निवासी गांव मलावन, थाना हैदरगंज अयोध्या और सोनू गुप्ता निवासी शांतिनगर, थाना विजयनगर गाजियाबाद शामिल थे। शनिवार को मुठभेड़ में धरे गए शुभम निवासी जौनपुर व शाहनवाज निवासी दधेड़ू फरार हो गए थे, जिन पर एसएसपी ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था।
जल्द शुरू होगी जटवाड़ा पुलिस चौकी
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने शनिवार को मोरना-जानसठ मार्ग पर जटवाड़ा गंगनहर पुल पर निर्माणाधीन पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए फरवरी में ही पुलिस चौकी का लोकार्पण किया जाएगा। पुलिस चौकी बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को सुरक्षा का अहसास होगा। उन्होंने निर्माणाधीन पुलिस चौकी के संबंध में ककरौली एसओ जितेंद्र अंबावत को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/