उत्तर प्रदेश में शामली जनपद के कैराना में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ में एक 15 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि करीब 15 दिन पहले एटीएम में चोरी के प्रयास के मामले में यह बदमाश वांछित चल रहा था। तभी से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। यही नहीं बल्कि यह बदमाश चोर गिरोह का मास्टर माइंड भी है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई की रात शामली रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में दूसरी बार चोरी का प्रयास किया गया था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि मास्टर माइंड शेरखान निवासी इमामबाड़ा और एक अन्य आरोपी फरार चल रहा था।
वहीं बुधवार रात पुलिस को जगनपुर रोड पर आरोपी के होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर ली। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने तमंचे से फायर किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी शेरखान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं। वहीं एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपए पुरस्कार देने की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: संजय खोखर हत्याकांड: हत्या की असली वजह क्या है, कौन-कौन इसमें शामिल, बेटा बोला-सबके नाम सामने आएं
उधर, एसपी विनीत जयसवाल ने बताया कि देर रात पुलिस की बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई थी। जिसमें पुलिस की गोली लगने से 15 हजार का इनामी घायल हो गया। उन्होंने बताया आरोपी शेरखान पिछले कुछ दिनों से वांछित चल रहा था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/