रोहटा थाना क्षेत्र के बाड़म गांव के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह गांव के तीन युवकों को दूसरे समुदाय के युवकों ने गोली मार दी। सारा विवाद दूसरे समुदाय के युवकों का खेत में दो छात्राओं के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद हुआ। गोलीबारी की सूचना पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी छात्राओं के साथ फरार हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर बाड़म के अलावा दमगढी-रासना गांव में सांप्रदायिक तनाव बना है। जहां पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पुलिस के अनुसार रोहटा क्षेत्र के बाड़म गांव निवासी शिवनंदन का बेटा कृष्ण सुबह करीब 11 बजे खेत पर गया था। उसके खेत के पास एक स्कूटी और बाइक खड़ी थी, जहां पर दो युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। कृष्ण ने दोनों युवकों से वहां पर खड़े होने की बात पूछी। जिस पर दोनों युवकों ने उसे धमकाते हुए वहां से जाने को कह दिया। तभी कृष्ण को अपने ईख के खेत में दो छात्राएं स्कूल ड्रेस में देखीं। कृष्ण ने इस बात का विरोध किया तो खेत से दो और युवक बाहर आ गए।
आमने-सामने आए दो गांवों के लोग
पीड़ित युवक
इसको देखते हुए कृष्ण ने अपने दोस्त कपिल और गौरव को गांव से बुला लिया। जबकि उन युवकों ने भी फोन करके आधा दर्जन युवक वहां बुला लिए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। जिसके बाद दोनों छात्राएं भी खेत से निकल आईं। कृष्ण, कपिल और गौरव के शोर मचाने पर युवकों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। जिसमें एक गोली कृष्ण के कंधे पर और दूसरी गोली कपिल के पैर में लगी। जबकि एक गोली गौरव के हाथ से छूती हुई निकली। तीनों युवकों को गोली लगने की सूचना पर गांव से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
आरोपियों का गांव दमगढी-रासना भी पास में बताया गया। जहां से दो दर्जन से अधिक लोग खेतों पर पहुंचे। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आए तो सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। बखेड़ा होने से पहले ही रोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से तीनों घायलों को पहले रोहटा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से तीनों युवकों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
नामी स्कूल की बताईं छात्राएं
पीड़ित युवक
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों छात्राओं ने मेरठ कैंट स्थित एक नामी स्कूल की ड्रेस पहनी हुई थी। दोनों एक ही स्कूटी से जंगल में आई थीं। छात्राओं के मोबाइल फोन में आरोपियों के नंबर मिले हैं। आरोपी युवक और छात्राएं कई दिनों से फोन पर बातचीत कर रहे थे। बाड़म के ग्रामीणों का कहना है कि हमलावरों ने सीधे गोली चलाई थी। गनीमत रही है कि गोली से किसी की जान नहीं गई।
हमलावरों पर केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि घायल कृष्ण के पिता शिवनंदन ने दमगढी-रासना निवासी अताउर्रहमान पुत्र सगीर सहित कई अज्ञात के खिलाफ रोहटा थाने में हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने एक आरोपी युवक और उसके साथ मौजूद छात्रा का मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस को सौंपा है। रोहटा इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।