भाजपा विधायक संगीत सोम के अलावा चार अन्य हिंदू संगठनों के नेताओं को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से धमकी भरे पत्र मिले हैं। बृहस्पतिवार को एलआईयू में इसकी सूचना पहुंचने पर हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी इस मामले की गोपनीय जांच में जुट गए हैं।
भाजपा विधायक संगीत सोम ने बुधवार को आईजी आलोक शर्मा से शिकायत की थी कि उनके पास धमकी भरी चिट्ठी पहुंची है। इस मामले को पुलिस सियासी या किसी खुराफाती युवक की शरारत मान रही थी, लेकिन बृहस्पतिवार को सच संस्था अध्यक्ष संदीप पहल, भाजपा नेता राहुल ठाकुर और सुमित शर्मा समेत चार लोगों ने बताया कि उन्हें भी धमकी भरे पत्र मिले हैं। उन्होंने ये पत्र एलआईयू को सौंप दिए हैं। एसएसपी डीसी दूबे ने मामले को गंभीरता से लेते गोपनीय जांच शुरू करा दी है।
उन्माद की साजिश बताया
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि धमकी भरे पत्र भेजकर जिले में उन्माद फैलाने की साजिश चल रही है। लेकिन, भाजपा और हिंदू संगठन के नेताओं को ही पत्र मिलने से सवाल उठ रहे हैं कि कहीं यह आतंकियों की प्लानिंग का हिस्सा तो नहीं है।