फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुख्यात की ट्यूबवेल पर छिपा था पहलवान

Fri, 06 Nov 2015 02:25 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानी के दावेदार गुड्डन यादव का हत्यारोपी आनंद यादव उर्फ पहलवान का हस्तिनापुर के अलीपुर मोरना के जंगल में एक कुख्यात की ट्यूबवेल पर ठिकाना था। बृहस्पतिवार को इंचौली पुलिस ने दबिश दी तो हत्यारोपी अपने तीन साथियों के साथ फरार हो गया।
विज्ञापन


जबकि पुलिस ने ट्यूूबवेल से हथियारों का जखीरा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इंचौली थानाक्षेत्र के तोफापुर गांव निवासी प्रेम यादव उर्फ गुड्डन की मंगलवार सुबह गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। गुड्डन का चाचा मेेघराज यादव सपा जिला महासचिव है।

इस मामले में ग्राम प्रधान ईश्वर यादव, उसके भाई सतवीर यादव, भतीजे पंकज यादव और साथी आनंद यादव के खिलाफ नामजद केस दर्ज हुआ है। आरोप कि जेल में बंद प्रधान ईश्वर ने सुपारी देकर आनंद से हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस हत्या का कारण प्रधानी का चुनाव बता रही है।
विज्ञापन


हत्या की वारदात के बाद मुख्य आरोपी आनंद यादव उर्फ पहलवान शूटरों के साथ हस्तिनापुर अलीपुर मोरना के  जंगल में ट्यूबवेल पर ठहरा था। पुलिस ने बताया कि ट्यूूबवेल एक कुख्यात की है।

जहां करीब 36 घंटे हत्यारोपी ठहरे। बृहस्पतिवार को इंचौली पुलिस ने दबिश दी तो पुलिस को देखते ही हत्यारोपी फरार हो गया। जबकि एक आरोपी को दबोच लिया गया।

पकड़ा गया आरोपी जॉनी निवासी अलीपुर मोरना है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुख्यात मोनू की ट्यूबवेल की तलाशी ली, जहां हथियारों का जखीरा बरामद हुआ।

पुलिस जॉनी से पूछताछ कर रही है कि वह गुड्डन की हत्या में शामिल था या नहीं। एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग का कहना है जॉनी की निशानदेही पर हथियार बरामद हुए हैं। आरोपी आनंद यादव अलीपुर मोरना के जंगल में छिपा था।  

जेल गया मित्रसेन
इंचौली पुलिस ने हत्यारोपी आनंद के पिता मित्रसेन को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आनंद अपराधी था, इसकी जानकारी होने के बावजूद भी मित्रसेन ने उसको संरक्षण दिया।

आनंद के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है। इंचौली इंस्पेक्टर योगेंद्र मलिक का कहना है कि आरोपी आनंद और उसके साथियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मित्रसेन को जेल भेजा गया है। गिरफ्तार जॉनी को शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा।

दोनों परिवार हुए बर्बाद
तीसरे दिन बृहस्पतिवार भी गुड्डन की हत्या को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। दिनभर गांव में चर्चाएं थीं कि मेघराज और ईश्वर की दुश्मनी में दोनों परिवार बर्बाद हो गए हैं।

आखिर न जाने दोनों परिवार की खूनी रंजिश कितने लोगों की जान लेकर शांत होगी। ग्रामीणों का कहना है कि आगामी प्रधानी चुनाव में दोनों परिवार के लोगों में खूनखराबा हो सकता है।

ईश्वर से जेल में पूछताछ
गुड्डन यादव हत्याकांड के मास्टर माइंड तोफापुर के प्रधान ईश्वर यादव से पूछताछ करने के लिए इंचौली पुलिस बृहस्पतिवार को जेल पहुंची।

करीब दो घंटे की पूछताछ में पुलिस ने ईश्वर से सपा के जिला महासचिव मेघराज यादव और उसके भतीजे गुड्डन यादव से चल रही रंजिश की जानकारी ली। पुलिस जानना चाहती थी कि रंजिश प्रधानी के चुनाव की ही है या कुछ और भी कारण हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें