जामिया मिलिया इस्लामिया विवि के छात्रों बाबर और सद्दाम की हत्या में तीन और लोगों के शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार हत्यारोपी मौलाना अय्यूब के मोबाइल की सीडीआर खंगाली तो तीन संदिग्ध नंबर मिले। पुलिस का कहना है कि फरार हत्यारोपी हैदर की गिरफ्तारी के बाद ही घटना में शामिल अन्य लोगों की जानकारी मिल सकेगी। मुंडाली पुलिस का दावा है कि हत्या में कुछ लोग शामिल हैं और वाहन भी टेंपो के अलावा कोई दूसरा इस्तेमाल किया गया है।
मुंडाली थाना क्षेत्र के जिसौरा गांव निवासी जामिया के छात्र बाबर और सद्दाम की विगत 10 अप्रैल को अपहरण के बाद नोएडा में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में जिसौरा गांव निवासी मौलाना अय्यूब को गिरफ्तार कर दोनों छात्रों के शव शनिवार को डासना-मसूरी नहर के पास से बरामद किए थे। इस डबल मर्डर केस का मास्टरमाइंड जिसौरा निवासी टेंपो चालक हैदर फरार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार अय्यूब के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट में तीन संदिग्ध लोगों के नंबर मिले हैं। जो घटना के समय उसके संपर्क में रहे थे। एक नंबर स्विच ऑफ आ रहा है। दूसरे की लोकेशन राजस्थान के करौली में जबकि तीसरे मोबाइल की लोकेशन नोएडा में मिल रही है। इन तीनों नंबरों की सीडीआर निकलवाई गई है।
इंस्पेक्टर मुंडाली अजब सिंह का कहना है कि जांच के बाद पता चला है कि हत्यारोपी अय्यूब और हैदर के संपर्क में तीन और लोग थे। पुलिस सोमवार को नोएडा जाकर घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। हत्यारोपियों के मोबाइल फोन की हर लोकेशन की जांच होगी। राजस्थान के लिए भी एक टीम रवाना की जा रही है। जांच में सामने आया है कि दोनों छात्रों के शवों को नहर में फेंकने के लिए हैदर के टेंपो का नहीं बल्कि किसी कार का प्रयोग किया गया था। इसका हैदर की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा।