कहानी की शुरुआत कंकरखेड़ा के वैष्णो धाम कॉलोनी में बिजनौर में तैनात इंस्पेक्टर विपिन कुमार और कॉलोनी के बिल्डर विपिन कुमार के विवाद से हुई। दो सौ रुपये के मेंटीनेंस को लेकर गुरुवार दोपहर दोनों के बीच विवाद हुआ जिसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले आई। बिल्डर के साथ उसका दोस्त दीपू व उसकी पत्नी भी थाने पंहुची। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने दीपू और उसकी पत्नी को थाने में थप्पड़ मार दिया और पुलिस से भी अभद्रता की।
इंस्पेक्टर द्वारा दीपू व उसकी पत्नी से बदसलूकी की जानकारी दोस्त रविंद्र भूरा को लगी। रविंद्र ने प्रॉपर्टी डीलर ऋतुराज निवासी पावली खुर्द को पूरी कहानी बताई। ऋतुराज की दोस्ती दिल्ली के शातिर अपराधी शक्ति नायडू से थी।
ऋतुराज ने शक्ति नायडू को पूरी बात बताई। नायडू पहले से ही मौके की तलाश में था, ऐसे में अपने साथी तिलकराज और उसके भतीजे हनी लोहिया (25) पुत्र मुकेश लोहिया निवासी छतरपुर दिल्ली को लेकर ईको स्पोर्ट्स गाड़ी से शाम 5:45 बजे ही मेरठ पहुंच गया।
सिवाया टोल के पास अंजीर होटल में तीनों बदमाश रुके। वहां ऋतुराज व रविंद्र भूरा समेत पांच लोग मौजूद थे। होटल में करीब एक घंटा मीटिंग चली। इसमें दिल्ली के एसीपी की हत्या की योजना बनी। यहां नायडू ने कहा कि पहले दोस्त दीपू से मुलाकात तो कराओ। उसके बाद ऋतुराज की क्रेटा गाड़ी में ऋतुराज, रवि और तीन बदमाश थे। जबकि नायडू, तिलकराज और हनी ईको स्पोर्ट्स से दीपू के घर पहुंचे।
पुलिस पूछताछ में तिलकराज ने बताया कि रविंद्र भूरा अक्सर नायडू के पास आता था। मुजफ्फरनगर, मेरठ व बागपत में अपराध की दुनिया में पैठ जमाने के लिये नायडू ने भूरा से नजदीकी बढ़ाई थी।
तिलकराज ने नायडू की पत्नी से की थी छेड़छाड़
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बिजेंद्र सिंह का कहना है कि साल 2014 में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंदरा से लूट के मामले में नायडू के साथ हनी व तिलकराज भी जेल गए थे। नायडू पर मकोका की कार्रवाई हुई थी। अन्य आरोपी जमानत पर थे। तिलकराज ने नायडू की पत्नी से छेड़छाड़ की थी। इस कारण वह तिलकराज को मारना चाहता था। हालांकि बाद में उनमें समझौता हो गया था।
सुरक्षा के बीच आए थे एसीपी
एसीपी ललित मोहन नेगी शुक्रवार शाम पुलिस की सुरक्षा के बीच मेरठ के परतापुर क्षेत्र में एक रिश्तेदार की बेटी के शादी में आए थे। एसीपी के आने की जानकारी बदमाशों को थी या नहीं, इसका खुलासा रवि भूरा या फिर नायडू गिरफ्तार होने के बाद ही करेंगे।
गोली लगने से घायल आरोपी तिलकराज ने अस्पताल में बताया कि एसीपी के मेरठ आने की जानकारी उनको नहीं थी। ऋतुराज भी इससे इंकार कर रहा है। हालांकि पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/