प्रतिबंध के बावजूद जीत के जश्न में निकाले गए विजयी जुलूस देहात के कई गांवों में बवाल का कारण बन गए। जमकर पथराव और फायरिंग में डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सरधना के दुर्वेशपुर गांव में नसीम खां और लियाकत में ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान मुख्य मुकाबला हुआ। रविवार को घोषित परिणाम में नसीम खां ने जीत दर्ज की। इसके बाद नसीम खां के समर्थक गांव में जुलूस निकाल रहे थे। इसी बीच दोनों के समर्थक भिड़ गए।
इस पर लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव और फायरिंग हो गई। जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने नसीम तथा लियाकत को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया। एसडीएम ने दोनों की जमानत खारिज कर 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
माछरा के मुंडाली गांव में भी रविवार को प्रधान बनीं अंजुम का विजयी जुलूस हारी प्रत्याशी नसीम बेगम के सामने पहुंचने पर बवाल हुआ था। सोमवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से दो दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई और जमकर पथराव हुआ। जिसमें कई लोग घायल हो गए।
दोनों पक्षों नेे एक-दूसरे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों से आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने मौके से छह खोखे और तमंचे बरामद किए हैं।
किठौर में सहादत पत्नी फुरकान रविवार को ग्राम बहरोड़ा की प्रधान निर्वाचित हुई। सोमवार सुबह किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव, फायरिंग हुई।
जिसमें रिफाकत गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने अनवार, फरमान, असलम, कमर आलम, शहरयाब और सलीम को गिरफ्तार कर शांति भंग में जेल दिया।
प्रधान के विजयी जुलूस को लेकर पथराव, फायरिंग
परीक्षितगढ़। खानपुर बांगर गांव में प्रधान के विजयी जुलूस को लेकर सोमवार को समर्थकों में मारपीट, पथराव और फायरिंग हो गई। जिसमें जीते और हारे प्रत्याशियों के 12 समर्थक घायल हो गए।
हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज और रबर बुलेट चलाकर 40 लोगों को हिरासत में ले लिया। एहतियात के तौर पर पीएसी और कई थानों की पुलिस तैनात करनी पड़ी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध केस दर्ज कराया है।
परीक्षितगढ़ क्षेत्र के खानपुर बांगर में ग्राम प्रधान प्रत्याशी रुकसाना पत्नी अरशद जीती है। रुकसाना के सामने रमनवाज (पूर्व प्रधान) ने चुनाव लड़ा था। रविवार शाम प्रधान पक्ष के लोगों ने गांव में विजयी जुलूस निकाला, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
सोमवार सुबह दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने -सामने आ गए और लाठी डंडे चल पड़े। आधा घंटे तक दोनों तरफ से पथराव होता रहा, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। लोगों ने घरों में घुसकर जान बचाई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए रबर बुलेट छोड़कर भीड़ को काबू करने का प्रयास किया। पुलिस के सामने भी दोनों ओर से लाठी-डंडे चलते रहे।
मामला बिगड़ता देख पुलिस ने अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। जिस पर पीएसी के अलावा थाना भावनपुर, इंचौली, मुंडाली, किठौर थानों की पुलिस और सीओ सदर देहात शिवराज सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को काबू किया। दोनों पक्षों के 40 लोगों को हिरासत में लेे लेते हुए घायल लोगों को सीएचसी पहुंचाया।