एसएसपी ऑफिस पर केरोसिन की बोतल छीनता पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
मेडिकल स्टोर संचालक की हत्या का खुलासा न होने पर सोमवार को महिलाओं ने एसएसपी ऑफिस पर जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने केरोसिन उडे़लकर आत्मदाह का प्रयास किया। केरोसिन की छींटे पुलिसकर्मियों के ऊपर गिरी तो अफरातफरी मच गई। एसएसपी ने जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
परतापुर थानाक्षेत्र के घाट गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक ओमप्रकाश की 30 जून को गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिजन थाने से लेकर पुलिस अफसरों के ऑफिस तक खुलासे की गुहार लगा चुका है, लेकिन पुलिस ने खुलासा नहीं किया। सोमवार को ओमप्रकाश के परिजन और ग्रामीण एसएसपी ऑफिस पहुंचे। महिलाओं ने एसएसपी ऑफिस पर परतापुर थाना पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
महिलाओं ने केरोसिन की बोतल निकाली और अपने ऊपर उडे़ली ली। महिलाओं ने आग लगाने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने महिलाओं से माचिस और केरोसिन की बोतल छीन ली। पुलिस ने लोगों को शांत किया और एसएसपी के पास ले गए। एसएसपी ने परतापुर एसओ को फोन किया और मामले में गंभीरता से काम करने को कहा।
डीआईजी मैडम सनती हैं शिकायत
पीड़ित परिवार ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते कहा कि मेरठ में सिर्फ डीआईजी मैडम ही शिकायत सुनती हैं। लोग एसएसपी ऑफिस से पहले डीआईजी ऑफिस पर गए थे। लेकिन मैडम छुट्टी पर थीं। ओमप्रकाश की पत्नी सुनीता ने बताया कि एसएसपी ऑफिस पर पहले भी गुहार लगा चुके हैं, बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
खुलेआम घूम रहे आरोपी
पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी कि अगर इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेंगे। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। वारदात के दौरान बदमाशों की गोली से ओमप्रकाश का बेटा अमित भी घायल हुआ था। बदमाश दोबारा भी हमला कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परतापुर पुलिस आरोपियों से मिल चुकी है, जिस कारण वह खुलासा नहीं कर रही।