दिल्ली रोड पर सेखो पेट्रोल पंप के मालिक को लूटने वाले बदमाश इतने बेखौफ थे कि विरोध का मौका दिए बिना ही सीधे गोली चला दी। जो पंप मालिक के ड्राइवर को लगी। बदमाश पल भर में 8.51 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
बृहस्पतिवार दोपहर 12:50 बजे पेट्रोल पंप मालिक करमजीत सिंह बाइक पर अपने ड्राइवर कल्लू को लेकर बैंक में कैश जमा करने निकले थे। दिल्ली रोड पर भयंकर जाम लगा देखकर वह नवीन सब्जी मंडी के अंदर के रास्ते से बैंक जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे नवीन मंडी गेट नंबर दो पर पीछे से पल्सर बाइक सवार दो बदमाश आए और कल्लू को गोली मार दी। इससे पहले करमजीत कुछ समझ पाते। बदमाश ड्राइवर के पास मौजूद कैश से भरा बैग लूट ले गए।
बदमाशों ने पीछे से ड्राइवर की बगल के नीचे गोली मारी, जोकि सीने से पार होेकर निकली। गोली लगते ही ड्राइवर बाइक से नीचे गिरा तो बाइक का संतुलन बिगड़ने पर करमजीत भी गिर पड़े। बदमाश के हाथ में पिस्टल देखकर करमजीत कुछ नहीं बोले। बदमाशों के भागने के बाद कमरजीत ने खून से लथपथ ड्राइवर को उठाते हुए शोर मचाया। लोगों की भीड़ लगी। आनन फानन में ड्राइवर को केएमसी हॉस्पिटल में ले जाया गया।
पेट्रोल पंप से 100 मीटर दूर वारदात और थाना
करमजीत सिंह का पेट्रोल पंप ट्रांसपोर्ट नगर में है। जहां से एक रास्ता नवीन मंडी को जाता है। पंप से केवल 100 मीटर की दूरी पर नवीन सब्जी मंडी का गेट नंबर दो है, जहां वारदात हुई। घटनास्थल से कुछ ही दूर टीपीनगर थाना है।
विरोध करता तो मुझे भी गोली मार देता
पुलिस ने करमजीत से वारदात की जानकारी ली। जिस पर उन्होंने बताया कि बदमाशों का अगर विरोध करता तो वह उसको भी गोली मार सकते थे। चलती बाइक पर बदमाशों ने ड्राइवर को गोली मारकर बैग छीना है। लोगों ने बदमाशों की बाइक पर पीछा भी किया, लेकिन सुराग नहीं लगा।
सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाश
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे है। जिसमें बदमाश बाइक से भागते दिखाई दिए है। पुलिस फुटेज लेकर आरोपियों की पहचान करने में लगे है।
सटीक रैकी के बाद वारदात
बदमाशों ने इस वारदात को सटीक रैकी के बाद अंजाम दिया है। पेट्रोल पंप से बदमाशों ने उनका पीछा किया। तंगी गली में घुसते ही बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि बदमाशों का पहले से जानकारी थी कि पेट्रोल पंप मालिक पैसा लेकर जा रहे है।
14 साल पहले भी ऐसी वारदात
20 मई 2002 को दिल्ली रोड निवासी पापुलर पेट्रोल पंप के मालिक गुलजिंदर पाल सिंह दिल्ली चुंगी स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में कैश जमा करने जा रहे थे। बैंक के बाहर ही इसी तरह बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर कैश लूट लिया था। इस वारदात में ब्रह्मपुरी थाने के सामने रहने वाले बदमाश पकड़े गए थे। जो कांवड़ यात्रा के दौरान जेल तोड़कर भी भागे थे।
फुटेज में आए दो संदिग्ध
मेरठ। सेखो पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। फुटेज के अनुसार दोपहर 12:55 बजे पंप पर लाल बाइक से दो युवक आए। दोनों पेंट शर्ट पहने थे। आगे बैठे युवक ने बैग लिया हुआ था। जबकि पीछा बैठा युवक कैप लगाए हुए था।
दोनों स्पोर्ट्स शूज पहने थे। इसी दौरान पंप मालिक कैश लेकर निकले तो दोनों युवक बिना पेट्रोल डलवाए बाइक लेकर तेजी से उनके पीछे हो लिए। अंदेशा है कि दोनों लुटेरों के साथी हो सकते हैं। वहीं कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने भी पेट्रोल पंप पहुंचकर जानकारी ली।