नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में छेड़छाड़ की घटना कहीं बवाल न करा दे। एक सप्ताह पहले छेड़छाड़ को लेकर सेंट्रल मार्केट में हुए दो गुटों में संघर्ष के मामले में आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। वहीं बृहस्पतिवार को फिर से अराजकता का माहौल बनने से बच गया। शास्त्रीनगर सेक्टर-3 स्थित कोचिंग सेंटर से कक्षा नौ की छात्रा ट्यूशन पढ़कर लौट रही थी। इस दौरान एक युवक ने छात्रा को रोककर अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के चेहरे को भी हाथ लगाया। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी भाग गए।
सूचना पर सेंट्रल मार्केट में खड़ी यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची तो लोगों ने बताया कि आरोपी युवक पहले भी कई बार जेल जा चुका है। इसी बीच सेंट्रल मार्केट चौकी का सिपाही पहुंचा और छात्रा से घर जाने को कहा। सिपाही की इस बात पर कुछ लोगों ने विरोध जताया। मामले में शास्त्रीनगर के व्यापारियों ने कहा कि सेंट्रल मार्केट में पुलिस की लापरवाही से कभी भी बवाल हो सकता है।
लाठी डंडे लेकर पहुंचे युवक
वहीं गोल मंदिर के पास छेड़छाड़ के मामले में सात आठ युवक हॉकी डंडे लेकर दूसरे गुट की घेराबंदी में लगे रहे। सूचना के बाद भी चौकी इंचार्ज मौके पर नहीं पहुंचे और पीआरवी को ही मामला निपटाने के लिए भेज दिया। जबकि कुछ दिन पूर्व ही सेंट्रल मार्केट में छेड़छाड़ को लेकर दो गुटों में हॉकी डंडे चले थे। सूचना के बाद कई थानों की पुलिस सीओ एवं एसपी सिटी को भी मौके पर आना पड़ा था।
कोट
छात्रा की छेड़छाड़ की सूचना मिली थी। मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। तहरीर के आधार पर जांच कर पुलिस कार्रवाई करेगी। -नीरज सिंह, इंस्पेक्टर नौचंदी