लखनऊ जेल से ऊधमसिंह बोल रहा हूं, मेरे साथी और पत्नी जेल में बंद हैं। उनकी जमानत कराने के लिए पैसा चाहिए। पैसे का इंतजाम नहीं हुआ तो नतीजा ठीक नहीं होगा। शुक्रवार और शनिवार ऐसी धमकी भरी कॉल सरधना के एक फैक्ट्री मालिक को आई।
पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं पुलिस ने व्यापारी और उसके परिवार को सुरक्षा नहीं दी। इतना ही नहीं पुलिस कह रही है कि ऐसी धमकी कोई गंभीर बात नहीं है।सरधना के तारनी स्ट्रीट निवासी लोकेश जैन की कालंद चुंगी पर बर्तन बनाने की फैक्ट्री है।
शुक्रवार सुबह 10:35 बजे लोकेश अपनी फैक्ट्री में थे। तभी उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात ऊधमसिंह बताया। उसने कहा कि वह लखनऊ जेल में बंद है। उसकी पत्नी और साथियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
जिनकी जमानत कराने के लिए पैसे की आवश्यकता है, यदि पैसा नहीं दिया तो वह गोली मार देगा।व्यापारी ने मामले को इग्नोर कर पुलिस से शिकायत नहीं की। शनिवार सुबह 9:34 बजे लोकेश के मोबाइल पर दोबारा कॉल आई और उससे रंगदारी मांगी।
कहा, पैसा कहां और कितना देना है, इसके बारे में दोबारा कॉल करके बताया जाएगा। इसके बाद व्यापारी ने सरधना थाने जाकर अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कराया।
एक ही नंबर से आई कॉल
व्यापारी ने बताया कि धमकी देने वाले ने नंबर 741763.... से दो बार कॉल की। धमकी के बाद लोकेश जैन का परिवार दहशत में है। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी व्यापारी को सुरक्षा नहीं दी।
कब रुकेगा धमकी मिलना
वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित अजय अल्ट्रासाउंड सेंटर के मालिक डॉ. विनोद कुमार से कुख्यात ऊधमसिंह ने रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गोलियां बरर्साइं गईं थी।
पुलिस ने मामले में ऊधम की पत्नी गीतांजलि और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सवाल उठता है लगातार रंगदारी मांगने के लिए धमकियां मिल रही हैं, बावजूद पुलिस कुछ नहीं कर रही।