यूपी के मुजफ्फरनगर में वृद्ध किसान की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश क्षेत्र के गांव निरमाना में हरसौली मार्ग स्थित रजबाहे के पास पड़ी मिली, जिसकी पहचान मिटाने के लिए चेहरे व सिर को भारी वस्तु से कुचला गया था। शव के पास से मिले आधार कार्ड व मोबाइल के जरिए उसकी पहचान हुई। वृद्ध रविवार शाम से लापता था, जिसकी परिजन तलाश कर रहे थे।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निरमाना के हरसौली मार्ग स्थित रजबहे के पास सोमवार सुबह एक वृद्ध की लाश पड़ी मिली। खेतों की तरफ घूमने जाने वाले कुछ ग्रामीणों ने लाश की सूचना गांव में दी, जिससे सनसनी फैल गई। लाश के चेहरे व बाकी शरीर पर धारदार हथियारों से हमला करने के निशान थे, जिसके अलावा उसके सिर व चेहरे को भी किसी भारी वस्तु से कुचला गया था। लाश की सूचना पर इंस्पेक्टर यशपाल सिंह मौके पर पहुंचे और उसकी शनाख्त कराने का प्रयास किया। मृतक के कपड़ों से उसका मोबाइल व आधार कार्ड बरामद हुए, जिनके आधार पर उसकी पहचान चरथावल कस्बे के मोहल्ला मुर्दा पट्टी निवासी बसारत उर्फ कल्लू (60) पुत्र शमसूदीन के रूप में हुई, जिसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात आलोक शर्मा व सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि वृद्ध पर धारदार हथियारों से हमला करने के बाद सिर को कुचला गया है। घटनास्थल पर खून अथवा कोई ओर निशान नहीं मिलने से साफ है कि उसकी हत्या कहीं और कर लाश को वहां लाकर फेंका गया है।