फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा, हिंदुस्तानी युवक को बनाया पाकिस्तानी नागरिक

Mon, 28 Jan 2019 07:23 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
पासपोर्ट का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लोगों ने साजिश के तहत न सिर्फ एक युवक का फर्जी पासपोर्ट बनाकर उसे पाकिस्तानी नागरिक बना दिया बल्कि उससे करीब 4.5 लाख रुपये भी हड़प लिए। जब उसे इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई तो वह बीमारी का बहाना बनाकर किसी तरह वतन लौट आया। युवक ने अब तहरीर दी तो पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला यूपी के सहारनपुर जनपद का है।

विज्ञापन


नगर के मोहल्ला पठानपुरा गली खुमरान निवासी महताब पुत्र जरीफ ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह मोहल्ला टाकान निवासी एक युवक को पिछले कई वर्षों से व्यक्तिगत रुप से जानता है। करीब आठ माह पूर्व यह युवक उससे मिला और कहा कि सहारनपुर निवासी उसका एक रिश्तेदार विदेश में नौकरी दिलाने का काम करता है। उसने कई युवकों को विदेश भेजा है जो वहां नौकरी कर अच्छा पैसा कमा रहे हैं।

महताब के मुताबिक उससे कहा गया कि उसे मलेशिया में नौकरी दिला दी जाएगी। इसी सिलसिले में उसकी सहारनपुर निवासी एक युवक से मोबाइल पर बात कराई गई। महताब को आश्वासन दिया कि उसके लिए वीजा की बात कर ली गई है और नौकरी भी जल्द मिल जाएगी। बस वह पासपोर्ट बनवा ले और कुछ पैसे का इंतजाम कर ले।

महताब ने बताया कि नौकरी मिलने की उम्मीद में उसने पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया। इस बीच कुछ लोगों ने उससे 2.5 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में लिए। पासपोर्ट बनकर आने के बाद देवबंद निवासी उस युवक ने उससे दो लाख रुपये लेकर मलयेशिया जाने को कहा। उसने और पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसे रकम जब्त होने की चेतावनी दी गई। इसके चलते वह मलयेशिया जाने के लिए तैयार हो गया। 28 नवंबर 2018 को वह मलेशिया चला भी गया। वहां उसे सहारनपुर निवासी युवक मिला और उसने दो लाख रुपये और ले लिए। उसे कुछ बंगाली लोगों के साथ रिफाइंड ऑयल की पैकेजिंग से जुड़े काम पर भी लगवा दिया गया। महताब का कहना है कि उसके पास भारतीय पासपोर्ट था। इसके बावजूद इस युवक ने साजिश के तहत पाकिस्तान के नाम के एक व्यक्ति के पासपोर्ट पर उसका फोटो चिपका दिया और उसे रखने का दबाव बनाया। इस बारे में पूछताछ की तो कहा गया कि पाक नागरिक बनकर ही यहां काम करना होगा। इससे वह घबरा गया और बीमारी का बहाना बनाकर अपने पहले भारतीय पासपोर्ट पर किसी तरह भारत लौटा। महताब की तहरीर के आधार पर सोमवार को पुलिस ने मोहल्ला टाकान निवासी युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन

पासपोर्ट पर नाम उजैल शाह, जन्म स्थान लाहौर और देश पाकिस्तान लिखा गया
महताब के अनुसार मलेशिया में नौकरी के नाम पर उसे सौंपे गए दूसरे फर्जी पासपोर्ट पर उसका फोटो तो जरूर लगा था। लेकिन उस पर नाम उजैल शाह लिखा गया। पासपोर्ट जारी करने की तिथि 15 जून 2015 दिखाई गई जबकि इसकी अवधि 2020 तक की निर्धारित की गई है। पासपोर्ट पर नाम मोहम्मद उजैल शाह पुत्र मुदताक का लिखा हुआ है। जन्म स्थान लाहौर दिखाया गया है। इसे जारी होने की तिथि 15 जून 2015 दिखाई गई है। 

मामले में पूछताछ जारी है : सीओ
इस मामले में सीओ सिद्धार्थ सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि इस घटनाक्रम में किन किन लोगों का हाथ रहा और पाक नागरिक दिखाने जैसी स्थिति की वजह क्या है।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें