दिनदहाड़े लूट और डकैती की आधा दर्जन वारदातों से शहर थर्रा उठा। बदमाशों ने बृहस्पतिवार सुबह सबसे पहले सदर सराफा स्थित अरहंत ज्वैलर्स को निशाना बनाया। इसके बाद शहर में लूट की ताबड़तोड़ पांच वारदातें अंजाम दे डालीं। हालात ऐसे बने कि पुलिस एक वारदात की सूचना पर दौड़ती की दूसरी वारदात को लेकर हड़कंप मचता रहा। इन वारदातों के बाद पुलिस लकीर पीटती ही नजर आई। जिले के 30 थानों में अलर्ट के बाद भी न कोई बदमाश हाथ आया और न ही किसी वारदात का पुख्ता सुबूत हाथ लगा।
दुकान खोलते ही डाका
थापर नगर निवासी सराफ अंकुर जैन अपने अकाउंटेंट अभिजीत के साथ स्कूटी से सदर सराफा स्थित अरहंत ज्वैलर्स पर सुबह करीब 9:10 बजे पहुंचे। उन्होंने अभी दुकान खोली ही थी कि एक बदमाश दुकान में घुसा और सामान मांगने लगा। अंकुर कुछ समझ पाते कि हथियारों से लैस चार बदमाश और दुकान में दाखिल हो गए। बदमाशों ने सराफा व्यापारी को गन प्वाइंट पर लेकर पीटते हुए लूटपाट शुरू कर दी। नकदी और चांदी की मूर्तियों समेत अन्य जेवरात लूटकर फरार हो गए। दिन निकलते ही डकैती की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा तो व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने बाजार बंद कर हंगामा किया। पुलिस और व्यापारियों में तीखी झड़प भी हुई।
20 मिनट बाद लूट हो गई
सदर सराफा में पुलिस और व्यापारियों के बीच झड़प चल ही रही थी, तभी सूचना आई कि परतापुर बाईपास पर एक और व्यापारी से लूट हो गई। बाद में पता चला कि बदमाशों ने परतापुर थाना क्षेत्र में प्रदीप निवासी बड़ौत से बाइक और नकदी लूटी है। प्रदीप परतापुर बाईपास स्थित सुशांत सिटी के पास वेल्डिंग की दुकान पर जा रहा था। तभी बाइक सवार बदमाशों ने वारदात अंजाम दे दी।
गोली मारकर लूटे 8.51 लाख
डकैती और लूट को लेकर पुलिस अभी संभली भी नहीं थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में नवीन मंडी गेट नंबर दो पर बदमाशों ने शेखो पेट्रोल पंप मालिक से 8.51 लाख रुपये लूटते हुए उनके ड्राइवर को गोली मार दी। कालिंदी कुंज टीपी नगर निवासी पेट्रोल पंप व्यवसायी करमजीत सिंह अपने ड्राइवर कल्लू उर्फ जयसिंह निवासी रिठानी परतापुर के साथ बाइक से दिल्ली रोड स्थित सिंडीकेट बैंक में ड्राफ्ट बनवाने जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने जब करमजीत से नोटों से भरा बैग छीना तो विरोध करने पर गोली चला दी, जो कल्लू को जा लगी। सूचना पर टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, व्यापारियों ने हंगामा करते हुए दिल्ली रोड पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझाकर शांत कराया।
डाक विभाग का एजेंट बना निशाना
पेट्रोल पंप व्यवसायी से लूट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बाइक सवार बदमाशों ने टीपीनगर थाने के सामने डाक विभाग के एजेंट कमला नगर निवासी मनोज अग्रवाल से 1.50 लाख रुपये लूट लिए। मनोज यह कैश बैंक में जमा कराने घर से निकले थे। बदमाशों ने उनके घर और थाने के पास ही वारदात को अंजाम दे दिया। सूचना पर पहुंची रेलवे रोड थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
गन प्वाइंट पर लेकर इंजीनियर को लूटा
चौथी वारदात परतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परतापुर बाईपास पर इंजीनियर देहरादून निवासी सुनील से हुई। बाइक सवार बदमाश उनसे दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
बंधक बनाकर पशु, नकदी समेटी
लिसाड़ी गेट में भी बदमाशों ने दानिश निवासी समर गार्डन कॉलोनी के मकान में धावा बोला। हथियारबंद बदमाशों ने दानिश के परिवार को बंधक बना लिया। 90 हजार रुपये और तीन भैंस लूटकर बदमाश फरार हो गए।