टीपी नगर के मलियाना इलाके में रविवार शाम एक गर्भवती शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिक्षिका के मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
इंस्पेक्टर टीपी नगर सचिन मलिक ने बताया कि गांव पल्हैड़ा निवासी बबीता की शादी वर्ष 2002 में मलियाना निवासी दामोदर के साथ हुई थी। ससुराल वालों ने ही उसे बीएड कराया था। जिसके बाद बबीता की सरकारी नौकरी ली थी। बबीता गर्भवती थी और कुछ ही दिनों बाद उसकी डिलीवरी होनी थी
।
बबीता के ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि रविवार शाम बबीता के सिर में तेज दर्द था। उसने अपने डॉक्टर से भी फोन पर बात की। उसने सिर दर्द की एक गोली ली। लेकिन उसकी तबियत बिगड़ गई। चक्कर आने लगे। परिजन डॉक्टर के यहां ले जाते, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
उधर, बबीता के मायके वालों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मलियाना पहुंची। मायके वालों ने मौत के कारणों को लेकर संदेह जताया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मायके और ससुराल दोनों ही पक्ष पोस्टमार्टम नहीं चाहते थे। लेकिन बाद में कोई विवाद न हो, इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई का निर्धारण होगा।