फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेट्रोल पंप लूट का खुलासा, डी-112 गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार

Sat, 18 May 2019 04:48 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ में पुलिस ने डी-112 गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर पेट्रोल पंप लूट का खुलासा कर दिया है। यह गैंग एक ही रात में सात-आठ लूट की वारदात करने की नीयत से निकलता था और कई जिलों में दहशत फैलाता था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यदि ये बदमाश कैद न होते, तो इन तक पहुंचना आसान नहीं था। तीन जिलों में वारदात में शामिल गिरोह के सरगना आशु और मोंटी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

विज्ञापन


पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह और सीओ दौराला जितेंद्र कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात दौराला पुलिस को सूचना मिली कि डस्टर कार सवार कुछ बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने लावड़ रोड पर गांव खेड़ी टप्पड़ मोड़ के निकट चेकिंग शुरू कर दी। एक संदिग्ध डस्टर कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।

Trending Videos

एसओ दौराला रितेश कुमार ने टीम के साथ घेराबंदी कर तीन बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गये युवकों के नाम शिवम पुत्र वीरपाल सिंह निवासी ग्राम दयानतपुर थाना बाबूगढ़ छावनी हापुड़, चेतक पुत्र रोहताश निवासी ग्राम छज्जूपुर थाना परतापुर जनपद मेरठ और विक्की पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम गेझा थाना परतापुर हैं। इनके पास से गाजियाबाद के मसूरी से लूटी डस्टर, परतापुर पेट्रोल पंप और बुलंदशहर के गुलावठी से लूटी हुई रकम के 11 हजार रुपये, तीन तमंचे और दो चाकू बरामद किए।

एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह का सरगना आशु उर्फ परवीन उर्फ धर्मेंद्र निवासी गाजियाबाद है, जो काफी समय से हापुड़ में डेरा जमाये था। वह हर बार गैंग में नये युवक जोड़ता है। अब उसने 20-25 युवकों का गैंग बना रखा है। इस बार उसने अपने साथियों को यह कहकर जोड़ा कि मसूरी में शराब पार्टी होनी है, जिसमें एक लड़की भी शामिल होगी।

9 मई की रात सब एकत्र हुए और एक होटल में बीयर की। इसके बाद मसूरी क्षेत्र से तमंचे की बट मारकर डस्टर लूट ली। आशु, मोंटी और पकड़े गए तीनों बदमाशों समेत वारदात में पांच लोग शामिल थे। इन्होंने 11 मई को उसी कार से गुलावठी स्थित शिवांग पेट्रोल पंप पर लूट की।

उसके बाद हापुड़ में पेट्रोल पंप लूटना था, लेकिन कुछ दूरी पर यूपी 100 की गाड़ी देखकर इरादा बदल दिया। उसके बाद खरखौदा में पेट्रोल पंप बंद मिला, जिसके बाद मोहिउद्दीनुपर मार्ग से दिल्ली मेरठ हाईवे पर पहुंचे। उसके बाद परतापुर में 12 मई को चौधरी फिलिंग स्टेशन पर लूट की।
विज्ञापन

पुलिस चुनाव में है, कोई नहीं पकड़ पाएगा
शिवम ने बताया कि आशु ने कहा था कि चुनाव का समय है, रात में कहीं भी हाईवे पर पुलिस नहीं मिलती। गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ और नोएडा में एक ही रात में लूटपाट करनी है। पहले रात आठ बजे वारदात की प्लानिंग की थी, लेकिन फिर 12 बजे का समय तय किया।

यह डी-112 गैंग मेरठ सहित आसपास के जनपदों मुरादाबाद, अमरोहा, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ में लूटपाट करता आया है। पेट्रोल पंप इनके लिए सॉफ्ट टारगेट है। रात के अंधेरे में सड़कों पर भीड़भाड़ कम होने का लाभ उठाते हुए पेट्रोल पंप पर लूट करना इन्हें आसान लगता है। करीब छह माह में यह गैंग 30-35 लूट कर चुका है।

सरगना सहित दो बदमाश निशाने पर
सीओ दौराला जितेंद्र कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूट में आधा दर्जन बदमाश शामिल थे। हापुड़ पुलिस इस गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तीन बदमाशों के पकड़े जाने के बाद आशु व उसका साथी मोंटी निशाने पर है।

एसओ का होगा सम्मान
एसपी सिटी ने कहा कि एसओ दौराला रितेश कुमार ने गैंग का पर्दाफाश किया है। टीम में शामिल सीओ दौराला और एसओ रितेश कुमार को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें