उधार में दी गई सब्जी के पैसे मांगने पर चौबली गांव में एक किशोर को पहले कमरे में बंधक बनाया गया। इसके बाद गांव के चौराहे पर उसे लाठी-डंडों से इतना पीटा गया कि बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के समय भीड़ किशोर को पिटता हुआ देखती रही और तमाशबीन बनी रही। किशोर के पिता की ओर से तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बड़ौत में छपरौली के मलकपुर गांव का रहने वाला किशोर (15) आशु पुत्र अनिल ने हाल ही में दसवीं कक्षा पास की है। आशु दिन में पढ़ने के बाद शाम को सब्जी बेचता था। सोमवार शाम साइकिल पर चौबली गांव के विपिन नाम के युवक से उधार में दी गई सब्जी के 15 हजार रुपये लेने गया था। जब वह चौबली गांव में उनके घर पहुंचा तो विपिन और उसके भाइयों से कहासुनी हो गई। बाद में उन्होंने आशु को एक कमरे में बंद कर पिटाई की और गंभीर रूप से घायल कर दिया। वे यही नहीं रुके, फिल्मी स्टाइल में उसे लेकर गांव के चौराहे पर पहुंचे और वहां ग्रामीणों की भीड़ के बीच ही लाठी-डंडों से इतना पीटा कि वह बेसुध हो गया। युवक उसे मरा समझकर चले गए।