पचास हजार के इनामी रह चुके कुख्यात मोनू जाट का खौफ रोहटा में अभी कम नहीं हुआ है। सोनीपत जेल में बंद मोनू के नाम से एक किसान को पत्र भेजकर 10 लाख की रंगदारी मांगी गई है। न देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। पीड़ित ने रोहटा थाने में तहरीर दी है।
गांव रोहटा निवासी किसान सुमित पुत्र ब्रजवासी ने तहरीर मे बताया कि उसके यहां नौकरी करने वाले सुखपाल शर्मा के नाम एक रजिस्ट्रर्ड पत्र आया। जिसमें लिखा कि सुमित या तो जल्द दस लाख रुपये का इंतजाम कर दे वरना पूरे परिवार का खात्मा कर दिया जायेगा। पहले तो बच गया था। लेकिन अबकी बार कोई बचाने वाला नही है। खत में लिखा कि मैं मोनू जाट हूं। रकम का इंतजाम कर कचहरी में भिजवा देना। यदि किसी से बताया या पुलिस कार्यवाही की तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना। पत्र मिलने के बाद भी गांव में भी दहशत है। इंस्पेक्टर रोहटा एमपी सिंह का कहना है कि पत्र की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसान को सुरक्षा के लिए दो सिपाही दे दिए गए हैं।
कौन है मोनू जाट
रोहटा निवासी कुख्यात मोनू जाट पर रंगदारी, हत्या, धमकी देने और जानलेवा हमले के एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। रंगदारी न मिलने पर कई लोगों की हत्या कर चुके मोनू जाट की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। दो माह तक गांव में पीएसी तैनात रही थी। अब सोनीपत जेल में बंद मोनू जाट के नाम से रंगदारी मांगने के बाद से पुलिस अफसरों के पसीने छूटे हुए हैं।
पहले भी किया था हमला
सुमित से पहले भी मोनू जाट ने रंगदारी मांगी थी। न देने पर हमला किया था लेकिन सुमित बच गया था। पुलिस ने मोनू के शूटरों पर भी नजर बढ़ा दी है।