यूपी के मुजफ्फरनगर में एक किशोर सात साल की बच्ची को टॉफी दिलाने का लालच देकर खेतों में ले गया। फिर वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के दो दिन बाद सोमवार सुबह बच्ची ने अपनी दादी को आपबीती सुनाई। पीड़ित पक्ष ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बच्ची को भी मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति सोमवार सुबह ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचा और तहरीर देकर बताया कि उसके बड़े भाई की करीब पांच साल पूर्व मौत हो चुकी है, जिसके बच्चों की वह ही देखभाल करता है। पीड़ित के अनुसार दो मार्च की शाम उसकी सात साल की भतीजी घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोस का एक किशोर बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने से बरगलाकर खेतों में ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने पर आरोपी ने उसे परिवार समेत जान से मारने की धमकी देते हुए किसी से जिक्र नहीं करने को कहा और मारपीट कर भगा दिया।
वहीं आरोपी के डर से पीड़ित बच्ची गुमसुम घर लौटी और दो दिन तक किसी को कुछ नहीं बताया। सोमवार सुबह बच्ची की लगातार बिगड़ती हालत देख उसकी दादी ने पूछताछ की। इस पर बच्ची ने उन्हें घटना की जानकारी दे दी। इस पर परिजन अवाक रह गए।