आए दिन बवाल काटने वाले सूरजकुंड स्थित संप्रेक्षण गृह के किशोरों ने शुक्रवार को मारपीट और लूटपाट को अंजाम दे डाला। इस बार किशोरों ने सचिव, जिला विधिक प्राधिकरण बागपत के अर्दली को पीट दिया।
यही नहीं, किशोर अर्दली से मोबाइल फोन छीनकर संप्रेक्षण गृह के अंदर भाग गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने सख्ती दिखाते हुए किशोरों से मोबाइल फोन कर लिया। थाना नौचंदी पर चार किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बागपत जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव मुकेश कुमार शुक्रवार को संप्रेक्षण गृह के निरीक्षण पर आए थे। वे किशोरों से समस्याएं सुन ही रहे थे कि इसी दौरान चार किशोरों ने हंगामा शुरू कर दिया। सचिव के अर्दली वीरेंद्र कुमार ने किशोरों को ऐसा करने से मना किया तो किशोरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
किशोर यहीं नहीं रुके और अर्दली की जेब से जबरन मोबाइल फोन निकालकर संप्रेक्षण गृह के अंदर कमरे में भाग गए। सचिव की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट केशव कुमार, सीओ सिविल लाइन वीएस वीर कुमार और इंस्पेक्टर नौचंदी हरशरण शर्मा मौके पर पहुंचे और किशोरों के पास से अर्दली का मोबाइल फोन बरामद किया।
इंस्पेक्टर नौचंदी ने बताया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी की तहरीर पर चार किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, घटना के बाद सचिव मुकेश कुमार ने जिला जज और डीएम को इस घटना की रिपोर्ट भेजी है।