तेजगढ़ी चौराहा स्थित कृष्णा प्लाजा में मंगलवार को छात्रों के दो गुटों में ताबड़तोड़ गोलियां चल गईं। जिसमें एक छात्र को गोली लगी। जबकि दो छात्रों पर पिस्टल की बट से हमला किया गया।
थानाध्यक्ष मेडिकल जब पुलिस टीम के साथ छात्रों को पकड़ने दौड़े तो उन पर भी फायरिंग कर दी गई। पुलिस के जवाब देने पर हमलावर छात्र हवाई फायरिंग करते हुए गढ़ रोड की तरफ फरार हो गए।
मामला चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय के छात्रों में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है। फुगाना, मुजफ्फरनगर निवासी भरतू मलिक, पारस और प्रशांत चौधरी उर्फ रोबिन कृष्णा प्लाजा स्थित विष्णु मोबाइल शॉप पर खड़े थे।
आरोप है कि हथियारों से लैस आधा दर्जन से अधिक छात्र आए और उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जिसमें एक गोली भरतू की कमर में लगी, जबकि परस और प्रशांत के सिर पर हमलावरों ने पिस्टल से प्रहार किया।
घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी एसओ मेडिकल रविंद्र वशिष्ठ पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। फायरिंग की आवाज सुनकर एसओ मौके की तरफ दौड़े। पुलिस को आता देखकर हमलावरों ने उनके ऊपर भी फायरिंग कर दी।
जवाब में पुलिस ने भी फायर किए। जिस पर हमलावर वहां से फरार हो गए। उसके बाद पुलिस ने घायल तीनों छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया।
हॉस्टल से जुड़ा बताया मामला
पुलिस के मुताबिक यह मामला छात्रों से जुड़ा है। दो सप्ताह पहले विश्वविद्यालय में हॉस्टल के मेस को लेकर छात्रों में विवाद हुआ था। इस प्रकरण में भी भरतू और प्रिंस का नाम मारपीट में सामने आया था।
विवाद को लेकर कृष्णा प्लाजा में दोबारा विवाद होना बताया गया। सीओ सिविल लाइन बीएस वीर कुमार ने बताया कि घायल छात्रों की तहरीर पर आरोपी छात्रों पर केस दर्ज किया जाएगा।