फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मछेरान में बाइकर्स ने बरसाई गोलियां

Mon, 08 Feb 2016 02:20 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
देह व्यापार का विरोध करने पर शनिवार रात बाइक सवार चार हमलावरों ने मछेरान में अंधाधुंध फायरिंग कर दी। करीब 30 राउंड फायरिंग हुई। जिसमें दो लोग गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कई युवक बाल-बाल बचे। घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने रविवार को थाना घेरकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
विज्ञापन


घटना शनिवार रात करीब दो बजे की है। भूसा मंडी की तरफ से चार बाइक तेजी से आईं। इन बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार थे। पीछे बैठे युवकों के हाथ में तमंचे और पिस्टल थीं। उन्होंने मछेरान में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान जो भी दिखा, उस पर गोली चलाई। मोहल्ले में चाय की दुकान करने वाला रफीक (40) दुकान से लौट रहा था तो उसके पैर में गोली मार दी गई। रात में बीडी खरीदने आ रहे तालिम (54) की बाजू में गोली मारी गई। तख्त डालकर चाय की दुकान करने वाले सुलेमान और नाजिम पर भी गोली चलाई गई लेकिन वह मिस होकर दीवार में जा लगी। जिससे दोनों बाल-बाल बच गए।

दहशत फैलाने के लिए मोहल्ले कई दीवारों और वहां खड़े वाहनों पर गोलियां चलाई गईं। ताबड़तोड़ फायरिंग कर बाइकर्स आसानी से फरार हो गए। सूचना पर रात में ही सदर बाजार और रेलवे रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। रविवार दोपहर अमन कमेटी और मोहल्ले के सैकड़ों लोगों ने रेलवे रोड थाना घेरकर जमकर हंगामा किया। पुलिस को मौके से बरामद कारतूस के खोखे भी सौंपे।
विज्ञापन


ये बताई घटना की वजह
मछेरान निवासी अमन क मेटी के सदर हाजी सईद सहित मोहल्लावासियों ने आरोप लगाते हुए बताया कि इलाके में एक महिला देह व्यापार कराती है, जिससे यहां का माहौल खराब हो रहा है। मोहल्ले के लोग इसका विरोध करते आ रहे हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे इस महिला के यहां आए दो युवकों को कमेटी के सदस्य और मोहल्ले वालों ने पकड़ लिया था, लेकिन वह अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। बाद में शहर के ही दो गणमान्य लोग उन युवकों की पैरवी करते हुए रात करीब 10:30 बजे बाइक छुड़ाकर ले गए थे। आरोप है कि पकड़े जाने के विरोध में ही उन युवकों ने दोबारा आकर फायरिंग की।

नेताजी को बुलाकर पूछो
रविवार को जब सैकड़ों लोगों की भीड़ रेलवे रोड थाने केस दर्ज कराने पहुंची तो घंटों हंगामा हुआ। इंस्पेक्टर थाने पर मौजूद नहीं थे। वहां मौजूद एक दरोगा ने कहा कि जो बाइक शनिवार रात पकड़ी गई या तो उसका नंबर लिख दो या फिर अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दो। लेकिन लोगों ने कहा कि जो नेताजी रात में उन युवकों की पैरवी में आए थे, उन्हें थाने बुलाकर नाम पूछकर नामजद केस दर्ज किया जाए।

अमन कमेटी के सदर हाजी सईद का कहना था कि वही नेताजी जिसका नाम बताएंगे, उसे नामजद कराएंगे। लेकिन पुलिस किसी को थाने बुलाने से बचती रही। नतीजा यह रहा कि रात तक भी तहरीर नहीं लिखी गई। देर रात इंस्पेक्टर ने बताया कि यदि तहरीर नहीं आती तो पुलिस अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज करेगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें