मेरठ कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों में खूनी टकराव हो गया। छात्रों के दो गुटों में मारपीट और फायरिंग हुई। कॉलेज परिसर में फायरिंग होने पर वहां अफरातफरी मच गई। हमलावर आदर्श नगर में अपनी कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद समेत 12 छात्रों पर केस दर्ज किया है। वहीं कॉलेज ने जांच के लिए कमेटी गठित की है।
मेरठ कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव को लेकर महामंत्री अनुराग चौधरी और अभिनव त्यागी में तकरार चल रही है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह अभिनव त्यागी अपने साथी छात्रों संग कॉलेज पहुंचा। छात्रसंघ कार्यालय के पास अभिनव त्यागी और महामंत्री अनुराग चौधरी में कहासुनी हो गई, जिसमें अनुराग ने अभिनव को थप्पड़ मार दिया।
इस पर दोनों पक्षों में हॉकी डंडे चल गए। इसी दौरान एक पक्ष ने कॉलेज परिसर में सरेआम फायरिंग कर दी। इस दौरान महामंत्री के कार्यालय में तोड़फोड़ भी गई। छात्र और शिक्षकों की भीड़ लगने से पहले अनुराग अपने साथी छात्रों के साथ कार में बैठाकर भाग गया। सूचना पर लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमलावरों का पीछा किया तो मेरठ कॉलेज के पीछे आदर्श नगर में अनुराग चौधरी ने अपनी कार मोड़ दी।
घेराबंदी होने पर अनुराग और उसके साथी कार छोड़कर अवैध हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। मारपीट में अभिनव त्यागी घायल हो गया। पुलिस ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कार्यवाहक एसओ मेडिकल हंसराज भदौरिया ने बताया कि अभिनव की तहरीर पर महामंत्री अनुराग चौधरी, आकाश तोमर, अंकित समेत 12 छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, महामंत्री की शिकायत पर कॉलेज ने जांच के लिए कमेटी गठित की है।