बैंक की कैश वैन को लूटने की योजना बना रहे चार बदमाशों को पुुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में बदमाशों ने कई लूट की वारदात करना कुबूल किया है। यह गैंग राजस्थान और वेस्ट यूपी में बैंक और कंपनियों का कैश लूटता है।
एसएसपी डीसी डूबे ने बताया कि बुधवार शाम परीक्षितगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि बदमाशों का एक गैंग मवाना की स्टेट बैंक शाखा से दुर्वेशपुर ब्रांच में आने वाले 50 लाख कैश को रसूलपुर गांवड़ी तिराहे पर लूटने की योजना बना रहा है। इस पर पुलिस ने रसूलपुर गांवड़ी जाने वाले कच्चे मार्ग पर घेराबंदी कर चार बदमाशों को दबोच लिया।
उनके पास से एक कार, एक पिस्टल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। बदमाशों ने बताया कि उन्होंने एक फरवरी को सैट्रिंग क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड की परीक्षितगढ़ ब्रांच के कैशियर मुकेश कुमार और उसके साथी मंजीत कुमार से ग्राम सोना के जंगल में 1.45 लाख कैश, एक फीगो कार और बाइक लूटी थी। पुलिस ने लूटी गई रकम में 50 हजार की नगदी, कार और बाइक बरामद कर ली।
एसएसपी ने बताया कि उक्त बदमाशों ने मेरठ, हस्तिनापुर ,बहसूमा, गाजियाबाद, गढ़मुक्तेश्वर, मवाना, गाजियाबाद, नोएडा, राजस्थान और मुजफ्फरनगर में लूटपाट की कई घटनाओं को करना कुबूल किया है। जिनके बारे में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। पकड़े गए बदमाश अमरीश पुत्र केशव शर्मा निवासी थाना बहसूमा, हाल पता गांव सोना परीक्षितगढ़, सोनू पुत्र घनश्याम निवासी मोहमदपुर थाना बहसूमा, हाल पता किला परीक्षितगढ़, गौरव उर्फ छोटू पुत्र सतपाल निवासी चौरावाला, थाना ककरौली मुजफ्फरनगर, मनोज पुत्र खिद्री ग्राम सोना थाना परीक्षितगढ़ हैं। इनमें अमरीश सरगना है। गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।
ऐसे दिया लूट की घटना को अंजाम
एक फरवरी को मनोज ने सैट्रिंग क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड के कैश जाने की सूचना सोनू को दी। सोनू ने अमरीश को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पकड़े गए चारों बदमाशों ने अपने गैंग के अन्य सदस्यों अमित, विनीत, दीपक और नितिन के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया।
इनकी है तलाश
अमित पुत्र करताराम गुर्जर निवासी कोटरा, थाना धामपुर बिजनौर, हाल पता भंडौरा, थाना बहसूमा
विनीत विश्नोई ब्रह्मपुरी मेरठ
दीपक पुत्र टीटू निवासी भंडौरा, खतौली मुजफ्फरनगर
कौशलेंद्र निवासी हरिपुर थाना हस्तिनापुर
नितिन निवासी फफूंडा, थाना खरखौदा