क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर गांव में मामूली बात को लेकर जमकर मारपीट हुई। एक युवक को दूसरे समुदाय के लोगों ने खंभे से बंधाकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बंधनमुक्त कराया और उसे थाने ले गई।
वहीं मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति हो गई। हालांकि जल्द ही मामला शांत हो गया।
लाला मोहम्मदपुर में हर बुधवार को पैंठ लगती हैं। इसमें शोभापुर और साकेत के कुछ युवक खरीदारी करने गए थे। इस दौरान उनकी एक समुदाय के युवक से कहासुनी हो गई।
इस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर युवकों के साथ मारपीट कर दी। बृहस्पतिवार को उक्त युवक अपने साथियों के साथ गांव में पहुंचे दूसरे समुदाय के युवक के साथ मारपीट की। इस बीच किसी ने शोर मचा दिया कि गांव में बदमाश आ गए। बदमाशों के आने की सूचना पर दूसरे समुदाय के लोगों ने युवकों को घेर लिया। इस दौरान भागते हुए युवकों में से एक युवक की बाइक फिसल गई और वह गिर गया।
इस पर लोगों ने उसे दबोच लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। लोगों ने पकड़े गए युवक को बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। तभी वहां पुलिस पहुंच गई और युवक को बंधनमुक्त कराया। वहीं पुलिस के साथ लोगों की नोकझोंक भी हुई। लोगों ने युवक पर घर में घुसकर हमला करने और लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर एसके राणा का कहना है कि एक युवक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति है।