जामिया मिलिया इस्लामिया विवि के छात्रों बाबर और सद्दाम के मुख्य हत्यारोपी हैदर को मुंडाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को दबोच लिया। हैदर ने पूछताछ में बताया कि बाबर की उसकी प्रेमिका से नजदीकी थी। बाबर कहीं प्रेमिका से शादी न कर ले इसलिए उसकी हत्या की गई। बाबर का दोस्त सद्दाम कहीं भेद न खोल दे, इसलिए उसे भी साथ में मार डाला था।
इंस्पेक्टर मुंडाली अजब सिंह के अनुसार दोनों छात्र जिसौरा गांव के रहने वाले थे। जिनकी विगत 10 अप्रैल को अपहरण के बाद नोएडा में हत्या कर दी गई थी। दोनों छात्रों के परिजनों से आरोपियों ने 1.60 करोड़ की फिरौती भी मांगी थी। हत्या को जिसौरा गांव के ही मौलाना अय्यूब और टेंपो चालक हैदर ने अंजाम दिया था। अय्यूब की निशानदेही पर दोनों छात्रों के शव डासना नहर की झाड़ियों से बरामद किए गए थे, जबकि हैदर पुत्र मोहम्मद अली फरार चल रहा था। जिसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बाबर को दी थी धमकी
एसपी देहात एसके सिंह के अनुसार तीन बच्चों के पिता हैदर ने पूछताछ में बताया कि उसने बाबर को धमकी दी थी कि वह उसकी प्रेमिका के रास्ते से हट जाए। लेकिन बाबर नहीं मान रहा था। जिसके बाद उसने मौलाना अय्यूब की मदद ली थी। अय्यूब नोएडा के एक मदरसे का मौलाना था। तंत्रमंत्र भी करता था। गांव का होने के चलते बाबर का परिचित था। उसने ताबीज दिलाने की बात कहकर अय्यूब के जरिये बाबर को नोएडा बुलाया था। लेकिन बाबर साथ में अपने दोस्त सद्दाम को भी ले लाया था। जिसके कारण उसे भी मारना पड़ा।
हत्या में और भी शामिल
इंस्पेक्टर मुंडाली ने बताया कि इस डबल मर्डर में रिहान निवासी देहली गेट और अय्यूब के करीबी दोस्त दिल्ली निवासी एक युवक के नाम हैदर ने बताए हैं। बताया गया कि साजिश अय्यूब के छोटे भाई मुसब्बिर ने रची थी, जो गांव जिसौरा में ही पत्थर घिसाई का काम करता है। सभी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।