मेरठ में शुक्रवार को नौवीं की एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा के परिजनों की तहरीर पर गांव के तीन युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करते हुए पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी तीनों युवक फरार हैं, छात्रा ने बताया कि आरोपी युवकों ने वीडियो भी बना ली।
भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा गांव के ही इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की पढ़ाई कर रही हैं। छात्रा का आरोप है कि 28 फरवरी को गांव के तीन युवक उसे अगवा करके ले गए। जहां नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ गैंगरेप किया। फिर बाद में उसे बेहोशी की हालत में गांव के बाहर फैंककर फरार हो गये। छात्रा का आरोप है कि आरोपी युवकों ने उसकी मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बनाई थी। साथ ही उन्होंने धमकी दी थी कि अगर घर में परिजनों या पुलिस में शिकायत की तो वीडियो को नेट पर डाल देंगे।
बता दें कि बृहस्पतिवार को भी आरोपियों ने छात्रा को धमकी दी। छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई जिसके बाद परिजन छात्रा को लेकर भावनपुर थाने पहुंचे। एसओ भावनपुर सत्येंद्र यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ अपहरण और गैंगरेप की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल में आया है कि आरोपियों ने मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो भी बना ली। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।