पाक जासूस मोहम्मद इजाज को बी वारंट पर लेने के लिए मंगलवार को कोलकाता एसटीएफ की टीम मेरठ पहुंच गई। एसटीएफ टीम के सदस्यों ने सदर बाजार थाने पहुंचकर इजाज के संबंध में जानकारी की। बुधवार को कोर्ट में इस बाबत प्रार्थनापत्र दाखिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि 27 नवंबर को यूपी एसटीएफ ने कैंट स्टेशन के पास से पाकिस्तान के इस्लामाबाद निवासी आईएसआई एजेंट इजाज उर्फ मोहम्मद कलाम को गिरफ्तार किया था। जिसके पास से बड़ी संख्या में भारतीय सेना के गोपनीय दस्तावेज, कई छावनियों के नक्शे बरामद हुए थे। पाक जासूस ने खुलासा किया था कि वह पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता है और उसी के इशारे पर बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल आया था।
जहां आईएसआई एजेंट इरशाद, अशफाक और उसके रिश्तेदार जहांगीर ने उसकी मदद की थी। इजाज से पूछताछ के बाद कोलकाता एसटीएफ ने इरशाद, अशफाक और जहांगीर के अलावा फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले शेख बादल को गिरफ्तार किया था।
आज होगी अर्जी दाखिल
इस केस के विवेचक एसएसआई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कोलकाता एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर शंकर दत्ता समेत पांच सदस्यीय टीम बी-वारंट लेने आई है। कोलकाता एसटीएफ पहले ही जासूस के साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में अब इजाज को भी कोलकाता ले जाकर उसे रिमांड पर लेकर अहम तथ्य एकत्र किए जाएंगे।
इसके लिए कोलकाता एसटीएफ बुधवार को कोर्ट में बी-वारंट के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल करेगी। कोर्ट के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इरशाद, अशफाक और जहांगीर से पूछताछ के लिए भी बी-वारंट लेने की तैयारी की जा रही है।