पाक जासूस इजाज को पुलिस रिमांड के दौरान कड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया है। उसकी 24 घंटे निगरानी के लिए एक दरोगा के नेतृत्व में छह पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई हैं।
जबकि दूसरे घेरे में पीएसी के अलावा एक्शन मोबाइल तैनात की गई है। थाना सदर बाजार में भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मियों की संख्या में इजाफा किया गया है। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार पाक जासूस मोहम्मद इजाज कोई साधारण एजेंट नहीं है। पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए वह महत्वपूर्ण कड़ी था।
उसके पकड़े जाने की खबर पाकिस्तान तक पहुंच चुकी है। ऐसे में पाक जासूस इजाज की सुरक्षा को देखते हुए रिमांड पर लेने के बाद से ही उसे थाना सदर बाजार में विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पाक जासूस को थाने से बाहर ले जाते समय भी विशेष सुरक्षा घेरे में ही ले जाया जा रहा है।