पाक जासूस इजाज से बरामद गैजेट्स की सीबीआई की लैब में फोरेंसिक जांच होगी। सदर बाजार थाना पुलिस ऐसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जल्द ही सीबीआई की नई दिल्ली स्थित फोरेंसिक साइंस लैब भेजने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इन उपकरणों के डेटा की जांच में कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
विगत 27 नवंबर को कैंट एरिया से आईएसआई एजेंट मोहम्मद इजाज को जब यूपी एसटीएफ ने दबोचा था तो उसके कब्जे से सैन्य दस्तावेजों के अलावा 16 जीबी क्षमता की पेन ड्राइव, एक लैपटॉप, एसडी मेमोरी कार्ड, सिम, मोबाइल फोन समेत अन्य चीजें बरामद की थीं।
यह सभी सामान सील कर पुलिस को सौंप दिया गया था। इंस्पेक्टर सदर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में पाक जासूस से बरामद पेन ड्राइव, लैपटॉप और एसडी मेमोरी कार्ड की जांच सीबीआई की फोरेंसिक लैब से कराई जाएगी।
फोरेंसिक जांच से पता लग सकता है कि इजाज ने आईएसआई को अब तक भारतीय सेना की क्या-क्या जानकारियां भेजी हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ सैन्य-एयरबेस इंटेलिजेंस की नजर भी सीबीआई लैब की रिपोर्ट पर होगी।